कर्नाटक में 126 सीटें जीतेगी कांग्रेस, बीजेपी का 70 पर कब्जा : सर्वे

कर्नाटक में 126 सीटें जीतेगी कांग्रेस, बीजेपी का 70 पर कब्जा : सर्वे

Bhaskar Hindi
Update: 2018-03-27 07:30 GMT
कर्नाटक में 126 सीटें जीतेगी कांग्रेस, बीजेपी का 70 पर कब्जा : सर्वे

डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। कर्नाटक में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान हो चुका है। कर्नाटक में 224 सीटों के लिए 12 मई को वोटिंग होगी और 15 मई को नतीजे घोषित किए जाएंगे। इससे पहले राज्य से कांग्रेस और राहुल गांधी के लिए एक अच्छी खबर आई है। दरअसल, कर्नाटक में चुनावों से पहले एक सर्वे किया गया, जिसके मुताबिक राज्य में कांग्रेस एक बार फिर से अपनी सरकार बनाने जा रही है। पार्टी को राज्य में 224 सीटों में से 126 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि बीजेपी को 70 सीटें मिल सकती हैं। इतना ही नहीं 2018 के चुनावों में कांग्रेस का वोट शेयर भी 9% से बढ़कर 46% तक पहुंच सकता है। बता दें कि कांग्रेस ने 2013 के चुनावों में 122 सीटें हासिल की थी।

किसने कराया है सर्वे? 

जानकारी के मुताबिक कर्नाटक चुनावों से पहले ये सर्वे सी-फोर ने कराया है। इस सर्वे में सी-फोर ने राज्य की 154 सीटों पर कराया गया है। ये सर्वे 1 मार्च से 25 मार्च तक कराया गया है, जिसमें कांग्रेस एक बार फिर वापसी करती दिखाई दे रही है। सी-फोर ने 2013 के विधानसभा चुनावो में सर्वे कराया था, जिसमें उसने कांग्रेस को 119-120 सीटें मिलने का अनुमान जताया था, जबकि कांग्रेस को 122 सीटें मिली थी।

कांग्रेस की बनेगी सरकार

सी-फोर ने अपने सर्वे में कहा है कि कर्नाटक में कांग्रेस एक बार फिर से अपनी सरकार बनाने जा रही है। कर्नाटक की 224 सीटों में से 126 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। इसके साथ ही कांग्रेस के वोट शेयर में भी 9% का इजाफा होने की उम्मीद है और इस बार कांग्रेस को 46% वोट मिल सकते हैं। जबकि बीजेपी इस बार अच्छा प्रदर्शन करते हुए 70 सीटों पर कब्जा कर सकती है और उसे 31% वोट शेयर मिलने का अनुमान है। वहीं जेडीएस इस बार नुकसान हो सकता है। सर्वे में जेडीएस को 27 सीटों का मिलने का अनुमान जताया गया है। इसके साथ ही उसके वोट शेयर में भी कमी आएगी। सर्वे में जेडीएस को 16% वोट मिलने का अनुमान है।

लोगों का क्या है कहना?

इस सर्वे के मुताबिक, 44% पुरुषों ने कांग्रेस की सरकार बनने की बात कही है, जबकि 33% पुरुषों ने बीजेपी को और सिर्फ 6% पुरुषों ने जेडीएस को वोट देने की बात कही है। अगर बात महिलाओं की की जाए तो 48% महिलाएं कांग्रेस के साथ हैं, जबकि 29% बीजेपी ने और 14% ने जेडीएस को वोट देने की बात कही है।

सीएम के लिए कौन हैं पसंद?

कर्नाटक के मौजूदा सीएम सिद्धारमैया अभी भी अगले सीएम के लिए पहली पसंद बने हुए हैं। 45% लोगों ने सिद्धारमैया को सीएम के तौर पर पहली पसंद बताया है। जबकि बीएस येदियुरप्पा 26% लोगों की पसंद हैं। वहीं 13% लोगों के लिए जेडीएस के एचडी कुमारास्वामी को अपनी पसंद बताया है।

सी-फोर के सर्वे के अनुसार 21% लोग सिद्धारमैया सरकार के कामकाज से पूरी तरह संतुष्ट हैं और 54% का कहना है कि वो सरकार के कामकाज से पूरी तरह तो नहीं लेकिन कुछ हद तक संतुष्ट हैं। जबकि 25% लोग सरकार के कामकाज से पूरी तरह असंतुष्ट हैं।

कहां-कितनी सीटें मिलेंगी?

विधानसभा सीट : 224 सीट
बहुमत : 113 सीट

बेंगलुरु (28 सीट) : कांग्रेस- 19 सीट, बीजेपी- 9 सीट
ओल्ड मैसूर (65 सीट) : कांग्रेस- 33 सीट, बीजेपी- 7 सीट, जेडीएस- 24 सीट
बॉम्बे कर्नाटक (50 सीट) : कांग्रेस- 28 सीट, बीजेपी- 22 सीट
कर्नाटक कोस्ट (19 सीट) : कांग्रेस- 10 सीट, बीजेपी- 9 सीट
हैदराबाद-कर्नाटक (40 सीट) : कांग्रेस- 27 सीट, बीजेपी- 10 सीट, जेडीएस- 3 सीट

क्या थे 2013 के नतीजे?

कांग्रेस - 122 सीट (36.6% वोट शेयर)
बीजेपी -  40 सीट (19.9 % वोट शेयर)
जेडीएस - 40 सीट (20.2% वोट शेयर)
अन्य - 22 सीट (23.3% वोट शेयर)

Tags:    

Similar News