महाराष्ट्र CM फडणवीस बोले, मराठी भी हो सकता है देश का PM

महाराष्ट्र CM फडणवीस बोले, मराठी भी हो सकता है देश का PM

Bhaskar Hindi
Update: 2019-01-05 05:24 GMT
हाईलाइट
  • 16वें जगतिक मराठी सम्मेलन के उद्घाटन पर फडणवीस ने कहा
  • फडणवीस ने कहा
  • 2050 तक एक से ज्यादा मराठी भी बन सकते हैं पीएम
  • वास्तव में भारत पर महाराष्ट्रीयन्स ने ही राज किया है: सीएम फडणवीस

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि कोई भी मराठी देश के प्रधानमंत्री पद तक पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि 2050 तक महाराष्ट्र के एक से ज्यादा लोग भी प्रधानमंत्री बन सकते हैं। सीएम फडणवीस ने ये बातें 16वें जगतिक मराठी सम्मेलन के उद्घाटन सत्र के दौरान कहीं।

दरअसल, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और भाजपा नेता से सवाल किया गया था कि क्या महाराष्ट्र का कोई व्यक्ति 2050 तक देश का प्रधानमंत्री बन सकता है ? क्योंकि अब तक महाराष्ट्र का कोई भी नेता प्रधानमंत्री की कुर्सी तक नहीं पहुंचा है। इस सवाल का जवाब देते हुए फडणवीस ने कहा कि संपूर्ण भारत पर वास्तव में महाराष्ट्रीयन ने ही राज किया है।

महाराष्ट्र के लोगों में अटक (वर्तमान पाकिस्तान का वो इलाका, जिस पर 18वीं सदी में मराठा सेना ने जीत हासिल की थी) तक पहुंचने की ताकत है। यकीनन महाराष्ट्र का कोई व्यक्ति प्रधानमंत्री बन सकता है, 2050 तक उस पद तक एक से ज्यादा महाराष्ट्रीयन भी पहुंच सकते हैं।

बता दें कि कुछ समय पहले केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी को अगला प्रधानमंत्री बनाने की मांग सामने आई थी। महाराष्ट्र के किसान नेता किशोर तिवारी ने राष्ट्रीय स्वंय संघ को एक पत्र लिखकर ये गुजारिश की थी। उन्होंने कहा था कि 2019 के लोकसभा चुनावों के लिए नितिन गडकरी को प्रधानमंत्री उम्मीदवार घोषित करें। इसके बाद सफाई देते हुए गडकरी ने कहा था कि मैं जिस पद पर हूं, खुश हूं। मेरा ध्यान सिर्फ अपने काम पर है। संगठन ने मुझे जो जिम्मेदारी दी है। उसे ईमानदारी के साथ निभाना चाहता हूं।

 

 

 

Similar News