यूपी-बिहार में बाढ़ ने 47 और जिंदगियां छीनीं, असम में हालात सुधरे

यूपी-बिहार में बाढ़ ने 47 और जिंदगियां छीनीं, असम में हालात सुधरे

Bhaskar Hindi
Update: 2017-08-27 18:06 GMT
यूपी-बिहार में बाढ़ ने 47 और जिंदगियां छीनीं, असम में हालात सुधरे

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार में बीते 24 घंटे में बाढ़ से 42 लोगों की मौत हो गई। राज्य में बाढ़ से मरने वालों का आंकड़ा 482 हो गया है। उधर पड़ोसी राज्य यूपी में रविवार को पांच और लोगों के बाढ़ में डूबने से मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 101 पहुंच गया है।

इस बीच असम के बाढ़ग्रस्त जिलों में हालात कुछ बेहतर हुए हैं। यही हाल उत्तरी बंगाल का भी है, जहां नदियों के जलस्तर में गिरावट आई है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि बिहार के 19 जिलों में 1.71 करोड़ लोगों पर बाढ़ का असर पड़ा है। राज्य के 187 ब्लॉक्स में 1.44 लाख लोग 22 राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं। सबसे ज्यादा मौतें अररिया जिले में हुए है, जहां 95 जानें गईं, जबकि पूर्णिया में 44, कटिहार में 40, पश्चिमी चंपारण में 36 लोगों की मौत हुई है। राज्य में कुछ स्थानों पर नदियों के जलस्तर में गिरावट आने से लोग अपने घरों को लौटने लगे हैं।

लोगों को राहत पहुंचाने के लिए एनडीआरएफ की 28 टीमें 118 नावों की मदद से सामग्री जरूरतमंदों तक पहुंचा रही हैं। साथ ही सेना के 630 जवान भी सात टीमों में बंटकर राहत कार्यों में मदद कर रहे हैं। मौसम विभाग ने पश्चिमी चंपारण, उत्तर-मध्य और उत्तर-पूर्व के साथ दक्षिण-पूर्वी हिस्से में भारी बारिश की चेतावनी दी है।

यूपी के गोरखपुर में रविवार को चार और लोगों की बाढ़ में डूबने से मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति की मौत लखीमपुर खीरी जिले में हुई। बारिश में कमी आने से राज्य के बाढ़ग्रस्त जिलों की संख्या 24 से घटकर 14 रह गई है। फिर भी राज्य के 3128 गांवों पर बाढ़ का असर पड़ा है, जबकि 2061 गांव तो बाढ़ के पानी में पूरी तरह से डूबे हुए हैं। राज्य में राप्ती, घाघरा, बूढ़ी राप्ती, रोहिणी नदियों का पानी 6 जिलों में घुस गया है।

Similar News