राजनाथ सिंह की पाक को चेतावनी- भारत की शालीनता का गलत मतलब न निकालें

राजनाथ सिंह की पाक को चेतावनी- भारत की शालीनता का गलत मतलब न निकालें

Bhaskar Hindi
Update: 2018-01-30 18:16 GMT
राजनाथ सिंह की पाक को चेतावनी- भारत की शालीनता का गलत मतलब न निकालें

डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने सीमा पर बार-बार किए जा रहे संघर्षविराम उल्लंघन पर पाकिस्तान को चेतावनी दी है। राजनाथ सिंह ने कहा है, "भारत  ने अब तक संघर्षविराम उल्लंघनों के जवाब में सीमित कार्रवाई की है। पाकिस्तान इसका गलत मतलब निकाल रहा है। उसे भारत की शालीनता को गलत ढंग से नहीं लेना चाहिए।"

राजनाथ ने बताया कि हाल ही में पाक रेंजर्स और BSF के महानिदेशक की फ्लैग मीटिंग हुई थी। इसमें पाक की ओर आश्वासन दिया गया था कि संघर्षविराम का उल्लंघन नहीं किया जाएगा लेकिन इसके बावजूद सीमापार से लगातार गोलीबारी हो रही है। उन्होंने कहा, "हमारी विनम्रता और शिष्टता की भी एक सीमा है। हम सभी पड़ोसियों से अच्छे संबंध कायम रखना चाहते हैं लेकिन इसका गलत अर्थ नहीं लगाया जाना चाहिए।" राजनाथ सिंह ने यह बातें चंडीगढ़ में भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कही।

यह भी पढ़ें : CIC का वित्त मंत्रालय को आदेश- बताएं, नोटबंदी के बाद कितना कालाधन आया?

राजनाथ ने यह भी कहा कि भारत अब एक कमजोर देश नहीं रहा है बल्कि एक ताकतवर देश बन चुका है। उन्होंने कहा, "पाकिस्तान को भारत के साथ मैत्रीपूर्ण व्यवहार रखना चाहिए। यह उसके लिए फायदे का सौदा है।" इस दौरान उन्होंने डोकलाम समेत अन्य मुद्दों से जुड़े सवाल का भी जवाब दिया..

  • डोकलाम विवाद सुलझा लिया गया है। चीन और भारत इस मुद्दे को अच्छे से हैंडल कर रहे हैं।
  • भारत-पाक सीमा पर बाड़ लगाने का काम तेजी से चल रहा है। 
  •  यूपी के कासगंज मामले की रिपोर्ट गृह मंत्रालय ने मंगाई है।
  • केन्द्र सरकार अपराधियों और संगठित गैंगों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए पंजाब सरकार की हरसंभव मदद करेगी।
  • जम्मू-कश्मीर के हालात पहले की तुलना में सामान्य हैं। हमारे सुरक्षाबल और सेना के जवान प्रभावी ढंग से स्थिति को काबू कर रहे हैं।

Similar News