रवीश का आरोप- RSS समर्थकों ने दी जान से मारने की धमकी

रवीश का आरोप- RSS समर्थकों ने दी जान से मारने की धमकी

Bhaskar Hindi
Update: 2017-09-22 14:10 GMT
रवीश का आरोप- RSS समर्थकों ने दी जान से मारने की धमकी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर वरिष्ठ पत्रकार रवीश कुमार ने जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। रवीश ने अपनी फेसबुक वॉल पर एक पोस्ट के जरिए यह दावा किया है। इस पोस्ट में उन्होंने अपने व्हाट्सअप के कुछ स्क्रीनशॉट भी पोस्ट किए हैं।

रवीश ने अपनी फेसबुक पोस्ट में एक व्हाट्सअप ग्रुप का जिक्र किया है, जिसके बारे में उन्होंने लिखा है कि एक व्हाट्सअप ग्रुप है "ऊँ धर्म रक्षति रक्षित:" इसमें से कई लोग ख़ुद को RSS के होने का दावा करते हैं। जब भी कुछ विवाद होता है, ये एक्टिवेट होता है और मुझे अनाप-शनाप कहने लगता है।

धमकी की बात पर रवीश आगे लिखते हैं "इस ग्रुप में मुझे हर तरह की धमकी और गाली दी जाती है। मुझे पता नहीं क्या करना चाहिए। डिलिट करता हूं तो फिर जोड़ लेते हैं। Dharm RSS Dharm 2 RSS और आकाश सोनी इसके ग्रुप एडमिन हैं। कई हैं।"

संघ प्रमुख तक यह संदेश पहुंचाने में करें मदद
इस पोस्ट के जरिए रवीश ने लोगों से इस संदेश को आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत तक पहुंचाने की बात भी कही। रवीश कुमार ने लिखा है, "क्या कोई संघ प्रमुख मोहन भागवत तक ये मेसेज पहुंचा सकता है कि क्या उन्होंने संघ के स्वयंसेवकों को ऐसी भाषा की अनुमति दी है? वैसे ग्रुप के लोगों को किसी बात से फर्क नहीं पड़ता।"

"ग्रुप की भाषा पढ़ेंगे तो कांप जाएंगे"
अपनी फेसबुक पोस्ट में उन्होंने लिखा है "आप इस ग्रुप की भाषा पढ़ेंगे तो कांप जाएंगे। इतनी नफरत कौन भर रहा है इनमें। "लिंच मॉब" की तरह बर्ताव करते हैं। मैं संघ के कई लोगों को जानता हूं। पहले भी बताया था पर अब लगता है सार्वजनिक कर देना चाहिए। ताकि आपको पता रहे कि हम किस हालात में काम कर रहे हैं। गुज़ारिश है कि आप एक एक तस्वीर देखें और अपने देश के बारे में सोचें। भाषा की शालीनता अनुमति नहीं देती कि इन्हें यहां पोस्ट करूं लेकिन आप जानेंगे कैसे कि हम क्या क्या झेल रहे हैं?"

संघ का नाम कर रहे बदनाम
रवीश ने इस पोस्ट में लिखा है कि क्या कोई मोहन भागवत को जानता है? पता करके बता सकता है कि क्या इसी भाषा से धर्म की रक्षा होगी या उन्हें यही बता दे कि कोई संघ का नाम बदनाम कर रहा है।

देखें रवीश कुमार की फेसबुक पोस्ट..

Similar News