तिहाड़ : दुष्कर्म आरोपी का लिया कोरोना सैंपल, बाकी कैदियों से था अलग, रिपोर्ट का इंतजार

तिहाड़ : दुष्कर्म आरोपी का लिया कोरोना सैंपल, बाकी कैदियों से था अलग, रिपोर्ट का इंतजार

IANS News
Update: 2020-05-11 08:30 GMT
तिहाड़ : दुष्कर्म आरोपी का लिया कोरोना सैंपल, बाकी कैदियों से था अलग, रिपोर्ट का इंतजार

नई दिल्ली, 11 मई (आईएएनएस)। कुछ दिन पहले ही दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार होकर तिहाड़ जेल पहुंचे एक कैदी को लेकर तिहाड़ जेल में हड़कंप मचा हुआ है। पता चला है कि, जेल से बाहर मौजूद शिकायतकर्ता/ दुष्कर्म पीड़िता की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। यह सूचना मिलते ही तिहाड़ जेल प्रशासन ने एहतियातन आरोपी विचाराधीन कैदी का भी कोरोना जांच के लिए सैंपल भिजवा दिया है। कोरोना जांच रिपोर्ट के रिजल्ट का इंतजार है।

दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कुछ दिन पहले मध्य दिल्ली के नवी करीम थाने में दुष्कर्म का मामला आया था। 29 साल के इस आरोपी को तीन-चार दिन पहले गिरफ्तार करके पुलिस ने तिहाड़ जेल भेज दिया। इसी बीच एहतियातन पीड़िता का भी कोरोना जांच के लिए सैंपल अस्पताल भेजा गया था। रिपोर्ट में दुष्कर्म पीड़िता कोरोना पॉजिटिव मिली।

यह खबर तिहाड़ जेल में पहुंची तो वहां भी अलर्ट कर दिया गया। तिहाड़ जेल प्रशासन ने दो नंबर जेल में बंद (एहतियातन बाकी तमाम कैदियों से अलग) करके दुष्कर्म के आरोपी कैदी को तुरंत बाकी कैदियों से अलग किया गया। इतना ही नहीं एहतियात के तौर पर तिहाड़ जेल प्रशासन ने इस कैदी के साथ रहने वाले दो अन्य कैदियों को भी अलग अलग सेल में बंद कर दिया दिया है। ताकि जेल में कोविड-19 को लेकर किसी भी प्रकार की कोई गुंजाईश ही बाकी न रहे।

सूत्रों के मुताबिक, अलग किये गये और दुष्कर्म के आरोपी कैदी का भी जेल प्रशासन ने कोरोना जांच के लिए सैंपल भिजवाया है। उसकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि दिल्ली जेल प्रशासन ने कोविड-19 से बचाव के तमाम इंतजाम पहले से ही किये हुए हैं। इसी के तहत किसी नये कैदी को पहले कई दिन तक क्वारेंटीन करके रखा जाता है। मेडिकल रिपोर्ट से संतुष्ट होने के बाद ही नये कैदी को बाकी कैदियों के बीच भेजा जाता है।

इस मामले में भी ऐसा ही किया गया है. चूंकि यह संदिग्ध कैदी भी चंद दिन पहले ही जेल पहुंचा था। लिहाजा इसे बाकी कैदियों की बाकी भीड़ में अभी शामिल नहीं किया जा सका था। फिलहाल तिहाड़ जेल प्रशासन इस नये कैदी की कोरोना जांच रिपोर्ट के रिजल्ट का इंतजार कर रहा है।

इस बारे में आईएएनएस से सोमवार को तिहाड़ जेल प्रवक्ता राज कुमार ने घटना की पुष्टि की। उन्होंने कहा, दुष्कर्म के आरोपी इसी कोरोना संदिग्ध कैदी को क्या, हम सभी नये कैदियों को जेल में सीधे बाकी कैदियों के बीच नहीं रख रहे हैं। सबको कुछ दिन पहले अलग क्वारेंटीन करके रख रहे हैं। इस कैदी को भी अलग रखा गया था। इसकी रिपोर्ट का इंतजार है।

Tags:    

Similar News