कांग्रेस का सदस्यता अभियान शुरू, 25 लाख नए सदस्य बनाने का लक्ष्य

बिहार कांग्रेस का सदस्यता अभियान शुरू, 25 लाख नए सदस्य बनाने का लक्ष्य

IANS News
Update: 2021-11-01 14:30 GMT
कांग्रेस का सदस्यता अभियान शुरू, 25 लाख नए सदस्य बनाने का लक्ष्य
हाईलाइट
  • साम्प्रदायिक ताकतों को कांग्रेस ही रोक सकती है बिहार प्रदेशाध्यक्ष

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में कांग्रेस ने सोमवार से सदस्यता अभियान प्रारंभ कर दिया है। राज्य में पार्टी ने 25 लाख नए सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने निर्देश पर प्रारंभ किए गए इस अभियान की शुरूआत प्रदेश कार्यालय में प्रदेश सदस्यता प्रभारी ब्रजेश प्रसाद मुनन ने किया। उन्होंने पार्टी के सदस्यता अभियान के निर्देशों से कांग्रेस नेताओं को अवगत कराया।

बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चंदन बागची ने प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा को प्रथम सदस्यता की रसीद दी। इसके पश्चात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ मदन मोहन झा ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चंदन बागची को कांग्रेस का द्वितीय प्राथमिक सदस्य बनाया।

इस मौके पर सैंकड़ों कांग्रेसजनों ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर प्रथम महिला सदस्य के रूप में जया मिश्र ने सदस्यता रसीद प्रदेश अध्यक्ष डॉ झा से प्राप्त किया। प्रदेश अध्यक्ष झा ने कहा कि इस बार बिहार में पिछले 16 लाख सदस्यों से आगे बढ़कर 25 लाख सदस्यों को पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि देश में साम्प्रदायिक ताकतों को  केवल कांग्रेस पार्टी ही रोक सकती है। देश की सबसे पुरानी पार्टी से युवाओं को जुड़ने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि देश में विचारधारा की लड़ाई में जिले से लेकर पंचायतों तक में कांग्रेसजनों को जोड़ने का लक्ष्य लेकर सदस्यता अभियान की शुरूआत की गई है।

बिहार कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चंदन बागची ने कहा कि सदस्यता अभियान को गांवों तक ले जाया जाएगा ताकि कांग्रेस को पुन: मजबूती से गांव-गांव तक खड़ा किया जा सकें। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व राज्यपाल निखिल कुमार ने देश में कांग्रेस की मजबूती को जरूरी बताते हुए कहा कि देश को निर्धारित करना है कि देश के विकास और मजबूती के लिए कांग्रेस से जुड़ना जरूरी है। कांग्रेस पार्टी देश की जरूरत है। प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़ ने बताया कि सदस्यता अभियान की शुरूआत प्रदेश के सभी जिलों में आज से शुरू की गई, जिसे प्रखंड से लेकर पंचायत तक अगले साल 31 मार्च तक संचालित की जाएगी।

 

(आईएएनएस)

Tags:    

Similar News