Fifa World Cup 2026 - इतिहास में पहली बार तीन देशों में संयुक्त रूप से आयोजित होगा विश्वकप

Fifa World Cup 2026 - इतिहास में पहली बार तीन देशों में संयुक्त रूप से आयोजित होगा विश्वकप

Bhaskar Hindi
Update: 2018-06-13 17:49 GMT
Fifa World Cup 2026 - इतिहास में पहली बार तीन देशों में संयुक्त रूप से आयोजित होगा विश्वकप
हाईलाइट
  • 2026 विश्वकप में कुल 80 मैच खेले जाएंगे।
  • 34 दिनों तक चलने वाले इस विश्वकप में 48 टीमें हिस्सा लेंगी।
  • इतिहास में पहली बार 3 देशों में संयुक्त रूप से आयोजित किया जाएगा 2026 फुटबॉल विश्वकप।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। 2026 फुटबॉल विश्वकप इतिहास में पहली बार 3 देशों में संयुक्त रूप से आयोजित किया जाएगा। 34 दिनों तक चलने वाले इस विश्वकप में 48 टीमें हिस्सा लेंगी। जबकि इस साल रूस में आयोजित हो रहे विश्वकप में 32 टीमें हिस्सा ले रही हैं। 2026 विश्वकप में कुल 80 मैच खेले जाएंगे। यह विश्वकप संयुक्त राज्य अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में आयोजित होगा।

200 सदस्यों ने किया मतदान
मॉस्को में बुधवार को आयोजित हुए 68वें फीफा कांग्रेस में 211 फीफा सदस्य राष्ट्रों में से 200 सदस्यों ने मतदान किया। विजेता बोली को बहुमत के लिए 104 वोटों की आवश्यकता थी, जिसमें संयुक्त राज्य अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको को संयुक्त रूप से 134 वोट मिले जबकि दूसरे प्रतिभागी देश मोरक्को को 65 वोट मिले। यूनाइटेड 2026 (USA, Mexico, Canada) का चयन फीफा सदस्य देशों ने किया था। वोटिंग से पहले 15 मिनट का प्रेजेंटेशन भी रखा गया, जिसमें दोनों प्रतिभागियों को वर्ल्ड कप से जुड़े तथ्यों के साथ-साथ होने वाले फायदे और नुकसान के बारे में बताना था।

1994 में भी मेजबानी कर चुका है अमेरिका
अमेरिका 1994 में भी विश्वकप की मेजबानी कर चुका है, जिसमें सबसे ज्यादा औसतन उपस्थिति का रिकॉर्ड दर्ज़ है। मेक्सिको ने रिकॉर्ड 2 बार (1970 और 1986) में मेजबानी की है। कनाडा ने भी 2015 महिला विश्व कप आयोजित किया था। इस बार तीन देशों के 16 शहरों में मैच का आयोजन होगा। इसमे USA के 10 शहर मेजबानी करेंगे। जबकि बाकी बचे 6 शहर समान रूप से कनाडा और मेक्सिको के होंगे। वहीं मैचों की बात करें तो 80 मैचों में से 60 मैच USA में आयोजित किए जाऐंगे। जबकि मेक्सिको और कनाडा में 10-10 मैच आयोजित होंगे। 2026 विश्वकप का फाइनल 84,953 क्षमता वाली मेटलाइफ स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।  

Similar News