VIDEO : रोहित शर्मा ने तोड़ा क्रिस गेल का रिकॉर्ड, ताबड़तोड़ लगाए 65 छक्के

VIDEO : रोहित शर्मा ने तोड़ा क्रिस गेल का रिकॉर्ड, ताबड़तोड़ लगाए 65 छक्के

Bhaskar Hindi
Update: 2017-12-24 17:54 GMT
VIDEO : रोहित शर्मा ने तोड़ा क्रिस गेल का रिकॉर्ड, ताबड़तोड़ लगाए 65 छक्के

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने रविवार को श्रीलंका के खिलाफ खेले गए T-20 मुकाबले में सिर्फ 1 छक्का मारकर क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। रोहित ने 1 कैलेंडर ईयर में सबसे अधिक छक्के लगाने के गेल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। T-20 सीरीज के अंतिम मुकाबले में रोहित शर्मा ने 20 गेंदों में 4 चौके और 1 छक्का की मदद से 27 रन की पारी खेली। इस मैच के इकलौते छक्के की मदद से रोहित ने वेस्ट इंडीज के क्रिस गेल के 64 छक्कों का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया। इस एक छक्के के साथ ही रोहित ने कैलेंडर ईयर में सबसे अधिक 65 छक्कों का वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम कर दिया है।

रोहित के रिकॉर्ड्स
रोहित ने इस साल टेस्ट, वनडे और T-20 में कुल 65 छक्के जड़े हैं। उन्होंने 21 वनडे में 1293 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 6 सेंचुरी और 5 हाफ सेंचुरी लगाई। इसमें 46 छक्के शामिल हैं। यही नहीं, रोहित ने सिर्फ 2017 में ही श्रीलंका के खिलाफ सभी फॉर्मेट में कुल 38 छक्के मारे हैं। यह किसी भी बल्लेबाज द्वारा किसी भी एक टीम के खिलाफ मारे गए छक्कों का वर्ल्ड रिकॉर्ड है। इससे पहले किस गेल ने 2012 में न्यूजीलैंड के खिलाफ सभी फॉर्मेट में 33 छक्के लगाए थे।

श्रीलंका दौरा रोहित के लिए रहा खास
मेहमान टीम श्रीलंका के लिए यह भारत दौरा किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा है। लंका ने अपने इस दौरे पर टेस्ट, वनडे और T-20 सीरीज गंवा दी है। वहीं भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के लिए यह दौरा बहुत ही शानदार रहा है। रोहित ने सबसे पहले तो वनडे सीरीज में दोहरा शतक जड़कर क्रिकेट इतिहास रच दिया। इसके बाद टी-20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में सिर्फ 35 गेंदों में सबसे तेज शतक मारकर अफ्रीकी खिलाड़ी डेविड मिलर के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। अब तीसरे टी-20 सीरीज में 1 कैलेंडर ईयर में सबसे अधिक छक्के लगाने के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।


भारत ने श्रीलंका को T-20 सीरीज में किया क्लीन स्वीप
भारत ने श्रीलंका को T-20 सीरीज के आखिरी मैच में 5 विकेट से हराकर सीरीज पर 3-0 से कब्जा कर लिया है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच में श्रीलंका ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 136 रन का टारगेट सेट किया था। जवाब में भारतीय टीम ने 5 विकेट खोकर 19.2 ओवर में 139 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। भारत की ओर से मनीष पांडे ने 32, श्रेयस अय्यर ने 30 और कप्तान रोहित शर्मा ने 27 रन बनाए। श्रीलंका की ओर से दसन शनाका और दुश्मंथा चमीरा ने 2-2 विकेट हासिल किए।

भारत ने पाकिस्तान को पछाड़ा
भारत-श्रीलंका T-20 सीरीज के शुरुआती दो मैच जीतकर भारतीय टीम पहले ही सीरीज पर कब्जा कर चुकी है। सीरीज का तीसरा मैच भी जीतकर भारत ने एक नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इस मैच के साथ ही भारत ने इस साल कुल 9 T-20 मैच जीते हैं। इस लिहाज से एक साल में सबसे ज्यादा T-20 मैच जीतने के मामले में पाकिस्तान टीम को भारत ने पछाड़ दिया है। इस मैच को जीतने के साथ ही भारत एक साल में सबसे ज्यादा T-20 मैच जीतने वाली टीम बन गई है। भारतीय इस साल 37 इंटरनेशनल मैच जीत चुकी है, जिसमें 7 टेस्ट, 21 वनडे और 9 T-20 मैच शामिल है।

Similar News