मुंडा बने एएआई के अध्यक्ष, राव गुट धराशायी

मुंडा बने एएआई के अध्यक्ष, राव गुट धराशायी

IANS News
Update: 2020-01-18 14:00 GMT
मुंडा बने एएआई के अध्यक्ष, राव गुट धराशायी
हाईलाइट
  • मुंडा बने एएआई के अध्यक्ष
  • राव गुट धराशायी

नई दिल्ली, 18 जनवरी (आईएएनएस)। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा शनिवार को भारतीय तीरंदाजी संघ (एएआई) के नए अध्यक्ष चुने गए। इसी के साथ एएआई में लंबे समय से चली आ रही गुटबाजी पर विराम लगा है।

इसी गुटबाजी के कारण एएआई पर विश्व तीरंदाजी ने बैन लगा रखा है और इसी कारण भारतीय खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट में तटस्थ खिलाड़ियों के तौर पर हिस्सा लेना पड़ता था।

सीनियर उपाध्यक्ष पद पर कैप्टन अभिमन्यु को चुना गया है जबकि अन्य उपाध्यक्षों में अमरिंदर सिंह बजाज, रुपक देबरॉय, के.के. जादम, रूपेश कर, चेतन कावलेकर, कैलाश मोरारका, पाइया बान्याल वार नोंगबरी, डी.के. विद्यार्थी के नाम हैं।

प्रमोद चंद्रूकर को महासचिव चुना गया है। संयुक्त सचिव का पद दिनेश फाटुभाई के हिस्से आया है उनके अलावा छह और संयुक्त सचिव चुने गए हैं जिनमें केबी गुरंग, राम निवास हुड्डा, सयैद अली हुसैनी, सुमांता चंद्र मोहंती, कोंजुम रिबा और जोरिया पाउल उम्माचेरिल के नाम शामिल हैं। राजेंद्र सिंह तोमर को कोषाध्यक्ष बनाया गया है।

एएआई के चुनाव दिल्ली उच्च न्यायालय के आदेश के बाद आयोजित किए गए हैं। इससे पहले भी एएआई के चुनाव हुए थे लेकिन दो अलग-अलग गुटों द्वारा नई दिल्ली और चंडीगढ़ में चुनाव कराए जाने के कारण विश्व तीरंदाजी ने उन्हें मान्य नहीं किया था क्योंकि यह उसके नियमों का उल्लंघन था।

वी.के. मल्होत्रा और बी.वी.पी. राव के दो धड़ों के बीच विवाद के कारण दो अलग-अलग चुनाव नौ जून को नई दिल्ली और चंडीगढ़ में कराए गए थे। विश्व तीरंदाजी संघ द्वारा निलंबन की धमकी के बावजूद यह चुनाव कराए गए थे। इसका हालांकि फायदा नहीं निकला क्योंकि अगस्त में विश्व संस्था ने अपनी धमकी को अमलीजामा पहना दिया।

Tags:    

Similar News