Asian Games 2018: अभी तक नहीं हुई भारतीय टीम की आधिकारिक घोषणा

Asian Games 2018: अभी तक नहीं हुई भारतीय टीम की आधिकारिक घोषणा

Bhaskar Hindi
Update: 2018-08-09 10:05 GMT
Asian Games 2018: अभी तक नहीं हुई भारतीय टीम की आधिकारिक घोषणा
हाईलाइट
  • 18 वें एशियाई गेम्स के लिए भारतीय टीम की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई।
  • एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम की संख्या को लेकर खेल मंत्रालय का विचार-विमर्श जारी।
  • भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने 575 खिलाड़ियों और 213 अधिकारियों की सूची सोमवार को खेल मंत्रालय को सौंपी थी।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। 18वें एशियाई खेल इंडोनेशिया के दो शहरों राजधानी जकार्ता और पालेमबांग में 18 अगस्त से 2 सितंबर के बीच आयोजित होने जा रहा है। यह पहली बार है जब एशियाई खेलों का आयोजन दो शहरों में किया जाएगा। इस अयोजन के शुरू होने में कम समय बचा है। लेकिन अभी तक भारत के खेल मंत्रालय ने इस अयोजन के लिए जकार्ता जाने वाली भारतीय टीम की आधिकारिक घोषणा नहीं की। 

एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम की संख्या को लेकर खेल मंत्रालय का विचार-विमर्श जारी है और टीम की घोषणा पर अभी तक संदेह बरकरार है। काफी बदलाव और छेड़छाड़ के बाद भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने 575 खिलाड़ियों और 213 अधिकारियों की सूची सोमवार को खेल मंत्रालय को सौंपी थी। मंत्रालय ने अभी तक इस सूची पर अंतिम मंजूरी नहीं दी है। अंतिम आधिकारिक सूची को लेकर मंत्रालय का विचार-विमर्श जारी है। 

खेल मंत्रालय के एक सूत्र ने बताया की, ‘टीम की अंतिम सूची देने में एक या दो दिन का समय लग सकता है। आईओए ने 10 अगस्त को एशियाई खेलों की टीम का विदाई समारोह रखा है और ऐसी संभावना है कि खेल मंत्रालय तब तक अधिकारिक सूची की घोषणा कर देगा। दरअसल खबर है कि, भारतीय टीम के चार सहायक टीम प्रमुख में से एक के रूप में राजकुमार संचेती का नाम होने से मंत्रालय खुश नहीं है। 2013 में मुख्य सतर्कता आयुक्त ने 2010  कॉमनवेल्थ खेलों के भ्रष्टाचार घोटाले में संचेती के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज करने की सिफारिश की थी। उन्होंने 2010 राष्ट्रमंडल खेलों की आयोजन समिति में संयुक्त महानिदेशक के रूप में काम किया। वह पूर्व आईओए अध्यक्ष और 2010 सीडब्ल्यूजी आयोजन समिति के प्रमुख सुरेश कलमाड़ी के सहयोगियों में से एक थे, जिन्हें जेल भेजा गया था और फिर जमानत पर रिहा कर दिया गया था।

Tags:    

Similar News