आज से शुरु हो रहे राष्ट्रमंडल खेलों में ये भारतीय खिलाड़ी होंगे पदक के प्रबल दावेदार

राष्ट्रमंडल गेम्स 2022 आज से शुरु हो रहे राष्ट्रमंडल खेलों में ये भारतीय खिलाड़ी होंगे पदक के प्रबल दावेदार

Anchal Shridhar
Update: 2022-07-28 12:45 GMT
आज से शुरु हो रहे राष्ट्रमंडल खेलों में ये भारतीय खिलाड़ी होंगे पदक के प्रबल दावेदार

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आज से इंग्लैंड के बर्मिंघम में 22वें राष्ट्रमंडल खेलों का शुभारंभ हो रहा है। टोक्यो ओलंपिक के बाद फैंस को भारतीय खिलाड़ियों इस प्रतियोगिता में भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी। वैसे अगर राष्ट्रमंडल खेलों की बात करें तो भारत का प्रदर्शन इस प्रतियोगिता अच्छा रहता है। गोल्ड कोस्ट 2018 में आयोजित हुए पिछले राष्ट्रमंडल खेलों की तो यहां भारत 66 पदकों के साथ पदक तालिका में तीसरे स्थान पर रहा था। 

28 जुलाई से 8 अगस्त के बीच आयोजित होने वाले इन खेलों के लिए भारत ने अपना 205 एथलीटों का दल भेजा है। इस दल में 112 पुरुष और 105 महिला एथलीट शामिल हैं। एथलीटों के इस दल में कुछ ऐसे नाम भी हैं जो पहले भी कई प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर भारत का नाम रोशन कर चुके हैं। इन धुरंधरों से फैंस को राष्ट्रमंडल 2022 में भी पदक जीतने की उम्मीद है। 

आइए जानते हैं उन खिलाड़ियों के बारे में जो पदक जीतने के प्रबल दावेदार हैं -

लवलीना बोर्गोहेन 

टोक्यो ओलंपिक में भारत को ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली लवलीना बोर्गोहेन इस बार राष्ट्रमंडल में पदक जीतने वालों प्रबल दावेदारों की सूची में शामिल हैं। बात करें उनके अब तक के प्रदर्शन की तो उन्होंने ओलंपिक में पदक जीतने के अलावा 2019 में हुई विश्व चैंपियनशिप में ब्रान्ज मेडल और 2017, 2019 के एशियाई चैंपियनशिप के सिल्वर मेडल जीता था। लवलीना यदि इस बार के राष्ट्रमंडल में पदक अपने नाम कर लेती हैं तो वह मैरीकॉम और विजेंदर के बाद ओलंपिक के साथ राष्ट्रमंडल में भी पदक जीतने वाली भारत की तीसरी बॉक्सर बन जाएंगी। 

पीवी सिंधु

भारत की बैडमिंटन सुपरस्टार पीवी सिंधु इस बार राष्ट्रमंडल में भारत की ओर से पदक जीतने वाले प्रबल दावेदारों में सबसे ऊपर हैं। दुनिया की 7वें नंबर की खिलाड़ी सिंधु इस समय शानदार फार्म में चल रही हैं। उन्होंने हाल ही सिंगापुर ओपन का खिताब अपने नाम किया था। एक ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली भारत की एकमात्र महिला खिलाड़ी पीवी सिंधु अगर अपने शानदार फॉर्म को राष्ट्रमंडल खेलों में जारी रखती हैं तो भारत के खाते में एक गोल्ड आना पक्का हो सकता है।

मीराबाई चानू

टोक्यो ओलंपिक में सिल्वर पदक अपने नाम करने वाली मीराबाई चानू से भी राष्ट्रमंडल खेलों में शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है। पिछली बार के राष्ट्रमंडल खेलों में गोल्ड मेडल अपने नाम करने वाली चानू से इस बार भी गोल्ड भारत की झोली में लाने की आशा है। चानू ने बीते 2-3 सालों में शानदार खेल दिखाते हुए टोक्यो ओलंपिक में सिल्वर, एशियाई चैंपिंयनशिप में ब्रॉन्ज और राष्ट्रमंडल चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता है।

रवि दाहिया

टोक्यो ओलंपिक में रजत पदक अपने नाम करने वाले रेसलर रवि दाहिया राष्ट्रमंडल 2022 में गोल्ड मेडल जीतने के प्रबल दावेदारों में से एक हैं। 24 वर्षीय यह खिलाड़ी 57 किग्रा वर्ग में हिस्सा लेगा। अपने विरोधियों को आसानी से चित कर देने वाले रवि ने तीन एशियाई चैंपियनशिप जीतने के अलावा 2018 में विश्व कुश्ती चैंपियनशिप भी जीती थी। 

निखत जरीन

हाल ही में विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप जीतने वाली महिला मुक्केबाज निखत जरीन भी राष्ट्रमंडल खेलों में भारत की तरफ पदक जीतने वाले प्रमुख दावेदारों में शामिल हैं। मैरी कॉम, सरिता देवी, जेनी आरएल और लेख केसी के बाद विश्व चैंपियनशिप जीतने वाली वही भारत की 5वीं महिला मुक्केबाज हैं। फैंस को उनसे राष्ट्रमंडल खेलों में भी शानदार खेल दिखाने की उम्मीद है। 

बजरंग पूनिया 

टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक अपने नाम करने वाले बजरंग पूनिया से भारत को पदक की आस है। पूनिया काफी लंबे समय से अच्छे फॉर्म में चल रहे हैं ऐसे में उनसे पदक की उम्मीद करना लाजिमी भी है। उनका पिछले राष्ट्रमंडल खेलों में प्रदर्शन भी शानदार रहा था। पूनिया ने 2014 के राष्ट्रमंडल में रजत और 2018 के राष्ट्रमंडल में स्वर्ण पदक अपने नाम किये थे। अपने बेहतरीन दावों से विपक्षी रेसलरों को चारों खाने चित्त करने वाले बजरंग पूनिया ने ओलंपिक और राष्ट्रमंंडल में पदक जीतने के अलावा 2019 का विश्व चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल भी जीता था। 

 

Tags:    

Similar News