लगेज, फैमिली, पंडित को लेकर अनुष्का इटली रवाना, कोहली से होगी शादी?
लगेज, फैमिली, पंडित को लेकर अनुष्का इटली रवाना, कोहली से होगी शादी?
डिजिटल डेस्क, मुंबई। पिछले कई दिनों से एक ही "हॉट टॉपिक" चल रहा है और वो है विराट-अनुष्का की शादी। बुधवार को ही विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की शादी की खबरें आई थी और अब खबर आ रही है कि दोनों इटली रवाना हो चुके हैं। अनुष्का शर्मा को शुक्रवार सुबह मुंबई एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया है। उनके साथ उनकी पूरी फैमिली और पंडित भी थे। एयरपोर्ट पर स्पॉट होने के बाद, विराट-अनुष्का की शादी से जुड़ी और खबरों को जोर मिल गया है। वहीं अनुष्का से जब शादी को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने इसे "इग्नोर" कर दिया।
विराट भी पहुंचे इटली
वहीं कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में ये भी बताया जा रहा है कि इंडियन क्रिकेट टीम के कैप्टन विराट कोहली भी दिल्ली एयरपोर्ट से इटली के लिए रवाना हो चुके हैं। हालांकि एयरपोर्ट से विराट की कोई फोटो अब तक सामने नहीं आई है, लेकिन कहा जा रहा है कि पहले ये कपल स्विट्ज़रलैंड जाएगा और उसके बाद यहां से इटली के लिए रवाना होंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विराट कोहली ने जैकेट पहन रखी थी और अपना चेहरा ढक रखा था, जिस वजह से उन्हें कोई पहचान नहीं पाया। इसके साथ ही उन्होंने सिक्योरिटी स्टाफ से भी फोटो क्लिक करने से मना कर दिया। हालांकि, बता दें कि इस बारे में अभी तक कोई भी ऑफिशियल अनाउंसमेंट नहीं किया गया है और अभी सिर्फ दोनों की शादी की अटकलें ही लगाई जा रही हैं।
बुधवार को फैली थी शादी की खबर
इससे पहले बुधवार शाम को एक न्यूज चैनल में विराट और अनुष्का की शादी की खबर चली। इसमें ये भी कहा गया कि दोनों अगले हफ्ते शादी करने जा रहे हैं। इसके लिए दोनों ने भारत के बाहर का वेन्यू सिलेक्ट किया है और दोनों इटली के मिलान शहर में शादी करेंगे। इसके अलावा ये भी कहा गया कि दोनों 11-12 या 13 दिसंबर को इटली में शादी करेंगे। हालांकि, शादी का रिसेप्शन 21 दिसंबर को मुंबई में ही होगा और इसके लिए दोस्तों को इन्विटेशन भी भेजे जा चुके हैं। इसके साथ ही इस खबर में ये भी कहा गया था कि विराट कोहली खुद 7 दिसंबर को इटली रवाना हो रहे हैं।
क्यों फैली ये अफवाह?
दरअसल, टीम इंडिया के कैप्टन विराट कोहली ने श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज से इसलिए खेलने से मना कर दिया है, क्योंकि वो साउथ अफ्रीका टूर से पहले कुछ दिन के लिए रेस्ट चाहते हैं। इसके बाद से ही सोशल मीडिया पर दोनों की "लवलाइफ" की चर्चाएं फिर से शुरू हो गई थी। विराट के छुट्टी लेने की खबर आने के बाद से ही मीडिया में चर्चा में शुरू हो गई थी कि दिसंबर में विराट और अनुष्का शादी के बंधन में बंध सकते हैं। इसके अलावा ये भी कहा जा रहा था कि दिसंबर में अनुष्का भी कोई शूटिंग नहीं करना चाहती है। इससे इस बात को और हवा मिल गई थी।
अनुष्का ने बताया था झूठी खबर
बुधवार को कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में विराट और अनुष्का की शादी की खबर फैलने के बाद अनुष्का शर्मा ने इन खबरों को अफवाह बताते हुए "झूठा" करार दिया था। दरअसल, मीडिया में खबरें आई थी कि विराट और अनुष्का अगले हफ्ते शादी करने वाले हैं। इतना ही नहीं मीडिया में दोनों की शादी का वेन्यू तक बता दिया गया। मीडिया में आया कि दोनों अगले हफ्ते इटली के मिलान शहर में शादी करने वाले हैं। इसके बाद से ये दोनों की शादी एक "हॉट टॉपिक" बन गई। सोशल मीडिया पर अफवाह के फैलने के बाद अनुष्का शर्मा के स्पोकपर्सन सामने आए और उन्होंने बताया कि ये खबर पूरी तरह से "झूठी" है और इसमें बिल्कुल भी सच्चाई नहीं है। हालांकि, इस मामले में विराट कोहली की तरफ से कोई रिएक्शन नहीं आया है।
2013 में शुरू हुई थी दोनों की लव स्टोरी
विराट-अनुष्का की लव स्टोरी 2013 में उस वक्त शुरू हुई, जब दोनों एक कमर्शियल में दिखाई दिए थे। दोनों पहली बार साथ में एक शैंपू की एड में नजर आए थे। इसके बाद मीडिया में इन दोनों की लव स्टोरी के बारे में तब पता चला, जब विराट साउथ अफ्रीका टूर से लौटे थे। उन्हें मुंबई एयरपोर्ट पर रिसीव करने के लिए अनुष्का ने अपनी कार भी भेजी थी और इसके बाद विराट यहां से अनुष्का के घर गए थे। इसके बाद दोनों को कई बार अलग-अलग जगहों पर स्पॉट किया गया। शुरुआत में ये दोनों रिलेशनशिप से इनकार करते रहे, लेकिन वो कहते हैं न "इश्क छुपता नहीं छुपाने से।" कहा जाता है कि विराट और अनुष्का दोनों एक-दूसरे को बचपन से जानते हैं। बचपन में अनुष्का विराट के साथ क्रिकेट भी खेल चुकी हैं। बता दें कि अनुष्का के भाई करुणेंद्र अंडर-19 क्रिकेट खेल चुके हैं और विराट को लंबे समय से जानते हैं।