Video: जीवा ने पापा धोनी से की शरारत, तो विराट चाचू की ली क्लास

Video: जीवा ने पापा धोनी से की शरारत, तो विराट चाचू की ली क्लास

Bhaskar Hindi
Update: 2017-10-17 04:19 GMT
Video: जीवा ने पापा धोनी से की शरारत, तो विराट चाचू की ली क्लास

डिजिटल डेस्क, मुंबई। इंडियन क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की बेटी जीवा धोनी इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी पॉपुलर हो रही हैं। कभी वो टीम इंडिया के साथ मस्ती करती नजर आती हैं, तो कभी अपने पापा के साथ क्यूट अंदाज में लड़ती दिखाई देती हैं। इस बार भी जीवा जिस वजह से सोशल मीडिया की सुर्खियों में बनी हुई हैं, उसके पीछे उनकी क्यूटनेस और इनोसेंस हैं। रविवार को हुए इंडियन क्रिकेट टीम और बॉलीवुड स्टार्स के बीच मैच के बाद जीवा अपने पापा के साथ शरारत करती नजर आईं। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। धोनी की बेटी जीवा ने जिस अंदाज में अपने पापा के साथ शरारत की, उसने सबका दिल जीत लिया। इतना ही नहीं, इसके बाद जीवा अपने चाचा और टीम इंडिया के कैप्टन विराट कोहली के साथ एक बार फिर से मस्ती करती नजर आईं। पिछली बार की तरह ही इस बार भी जीवा ने वीराट चाचू की जमकर क्लास लगाई और बगल में खड़े धोनी ये सब देखकर हंसते रहे। 

धोनी से की शरारत

दरअसल, रविवार को इंडियन क्रिकेट टीम और बॉलीवुड स्टार्स के बीच एक चैरिटी फुटबॉल मैच खेला गया। इस मैच में विराट कोहली की कप्तानी वाली All Hearts FC ने अभिषेक बच्चन की All Stars FC को 7-3 हरा दिया। इस मैच में धोनी ने क्रिकेट की तरह ही अपना खेल दिखाया और टीम के लिए 2 गोल दागे। इसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच भी चुना गया। इसके बाद धोनी जब अपनी टीम के साथ ग्राउंड पर थे, तभी उनकी बेटी जीवा पानी की बोतल लेकर आ गई। बस फिर क्या पापा धोनी ने भी जीवा से पानी मांगने लगे। धोनी अपनी बेटी के हाथ से पानी पीना चाह रहे थे, लेकिन जीवा ने शरारत दिखाते हुए पहले तो पानी की बोतल को धोनी की तरफ बढ़ाया और फिर तेजी से पीछे मुड़कर धोनी से दूर हो गई। इस बीच जीवा की अपने पापा की ये शरारत किसी ने कैद कर ली। सोशल मीडिया पर शेयर होते ही जीवा की ये शरारत का वीडियो वायरल हो गया।

विराट चाचू की ली क्लास

पापा धोनी से मस्ती करने के बाद जीवा अपने चाचा विराट कोहली के पास गई। कोहली भी ग्राउंड पर बैठकर जीवा से बात करते रहे। जीवा और कोहली के बीच बातचीत सुनकर बगल में खडें धोनी हंसते रहे। विराट चाचू से बात करने के बाद जीवा फिर से अपने पापा धोनी के पास चली गई। धोनी ने जीवा से ग्राउंड पर पानी डालने को कहा। इसके बाद जीवा नीचे बैठी और ग्राउंड पर पानी डालने लगी। बता दें कि इससे पहले भी विराट चाचू, जीवा से कई बार मिल चुके हैं और जब भी दोनों मिलते हैं तो खूब मस्ती करते हैं। हाल ही में धोनी के घर पर डिनर पार्टी के दौरान जीवा और कोहली मस्ती करते दिखाई दिए थे। इसका वीडियो विराट कोहली ने अपने सोशल अकाउंट पर शेयर भी किया था।

"बेसन के लड्डू" के लिए लड़े धोनी और जीवा

हाल ही में महेंद्र सिंह धोनी ने अपनी बेटी जीवा के साथ "बेसन के लड्डू" के लिए फाइट करते हुए एक वीडियो शेयर किया था, जिसे काफी पसंद किया गया था। इस वीडियो को शेयर करते हुए धोनी ने कैप्शन में लिखा है, "बेसन के लड्डू पर अटैक"। इस वीडियो में धोनी और जीवा एक-दूसरे के "बेसन का लड्डू" खाने के लिए लड़ रहे हैं। दोनों की लड़ाई का ये "क्यूट" सा वीडियो धोनी ने शेयर किया है, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। आमतौर पर धोनी सोशल मीडिया पर इतने एक्टिव नहीं रहते हैं और उनकी वाइफ साक्षी ही हमेशा वीडियो और फोटो पोस्ट करती हैं, लेकिन इस बार धोनी ने खुद इस वीडियो को शेयर किया है। इस वीडयो को अब तक 15 लाख से ज्यादा बार देखा चुका है। इस वीडियो में धोनी के पास एक "बेसन का लड्डू" है, जिसे वो अपनी बेटी जीवा के साथ शेयर कर रहे हैं।

Similar News