कंचे फेंकने पर हुए विवाद में रॉड से हमला, युवक घायल , आरोपी फरार

कंचे फेंकने पर हुए विवाद में रॉड से हमला, युवक घायल , आरोपी फरार

Anita Peddulwar
Update: 2021-08-03 07:42 GMT
कंचे फेंकने पर हुए विवाद में रॉड से हमला, युवक घायल , आरोपी फरार

डिजिटल डेस्क, नागपुर। हिंगना क्षेत्र में कंचे खेलते समय दो युवकों में कंचे फेंकने पर हुए विवाद में आरोपी शुभम आठआगरे (25) ने सौरभ परतेकी (21) पर लोहे की रॉड से हमला कर उसे जख्मी कर दिया। घायल सौरभ की शिकायत पर हिंगना पुलिस ने आरोपी शुभम आठआगरे के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी फरार है। पुलिस के अनुसार मौजा खापरी निवासी सौरभ परतेकी गत 1 अगस्त को रात करीब 8 बजे बस्ती में ही रहने वाले शुभम आठआगरे के साथ कंचे खेल रहा था। इस दौरान आरोपी शुभम ने सौरभ के कंचे फेंक दिए। इसे लेकर दोनों के बीच हाथापाई हो गई। पश्चात सौरभ अपने घर चला गया, लेकिन आरोपी शुभम का गुस्सा शांत नहीं हुआ और सौरभ के घर पहुंचकर उसे आवाज देने लगा। सौरभ जब घर के बाहर आया तो शुभम ने उस पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। घटना के बाद शुभम मौके से फरार हो गया। सौरभ की शिकायत पर पुलिस ने शुभम के खिलाफ धारा 323, 324 के तहत मामला दर्ज किया है।

साइड नहीं देने पर पीटा
साइड नहीं देने पर दो आरोपियों ने एक युवक के साथ मारपीट की और उसे जान से मारने की धमकी दी। घटना रविवार को प्रताप नगर थानांतर्गत हुई। आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। पीड़ित भांगे ले-आउट निवासी मयूर  गिर्हाड़े (32) है। रविवार को दोपहर 1 बजे मयूर अपने वाहन (एम.एच.-31-एफ.ई.-4459 से कहीं जा रहा था। इस दौरान पीछे से दोपहिया पर आ रहे शाकिर सलाम (25) और साबिर सलाम खान (22), खामला रोड रहमत नगर निवासी ने हॉर्न बजाकर मयूर से साइड मांगी। साइड नहीं देने पर खान बंधुओं ने ओवरटेक किया और मयूर के वाहन को रोकने  के बाद मयूर की पिटाई कर दी और पत्थर से उसका सिर भी फोड़ दिया। जिससे मामला थाने पहुंचा। प्रकरण दर्ज किया गया है।

लेन-देन के विवाद में रिश्तेदार ने फोड़ दिया सिर
लेन-देन के विवाद में रिश्तेदार ने ही युवक का सिर फोड़ दिया। घटना लकड़गंज थानांतर्गत रविवार की शाम को हुई। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। घायल बैरागीपुरा निवासी मुरलीधर कोराये (25) है। आरोपी मुरलीधर की बस्ती में रहने वाला उसका रिश्तेदार अजय कोराये (20) है। कुछ दिन पहले मुरलीधर ने अजय की मां से कुछ रुपए उधार लिए थे, जो अब तक उसने चुकता नहीं किए हैं। रविवार को शाम 5.45 बजे अजय ने मुरलीधर कोे मां ने उधार दिए रुपए वापस देने के लिए कहा।  मुरलीधर ने रुपए बाद में देता हूं कहने पर अजय, मुरलीधर से विवाद करने लगा। दोनों में हाथापाई होने पर अजय ने धक्का देकर मुरलीधर को जमीन पर गिरा दिया और पत्थर से उसके सिर पर प्रहार किया। जिससे उसका सिर फट गया है। जांच जारी है। 
 


 

Tags:    

Similar News