Pune City News: नशा विरोधी अभियान: 58 लाख से अधिक के नशीले पदार्थ जब्त

नशा विरोधी अभियान: 58 लाख से अधिक के नशीले पदार्थ जब्त
  • राजस्थान कनेक्शन का खुलासा, सप्लाई चेन की जांच तेज
  • 19 आरोपी गिरफ्तार

भास्कर न्यूज,पुणे। पुणे पुलिस के जोन-7 ने शहर के पूर्वी हिस्सों में चलाए गए नशा विरोधी अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 19 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस ने 58 लाख रुपये से अधिक मूल्य के नशीले पदार्थ जब्त किए हैं। यह अभियान 1 अप्रैल से 23 अप्रैल के बीच वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चलाया गया।

पुलिस ने वाघोली, लोणीकंद, लोहेगांव, एयरपोर्ट, चंदननगर और खराडी थाना क्षेत्रों में स्टेशन स्तर पर विशेष टीमों का गठन कर छापेमारी की। इस दौरान मादक पदार्थों की बिक्री और सेवन में शामिल आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम के तहत 13 मामले दर्ज किए गए।

प्रारंभिक कार्रवाई में 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ और सप्लाई चेन की जांच के दौरान यह सामने आया कि मेफेड्रोन (एमडी) राजस्थान से लाया जा रहा था। इसके आधार पर एक विशेष टीम राजस्थान भेजी गई, जहां से इस रैकेट से जुड़े 6 और आरोपियों को हिरासत में लिया गया। इस तरह कुल गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 19 हो गई है।

पुलिस द्वारा जब्त किए गए नशीले पदार्थों में 289.19 ग्राम मेफेड्रोन, 422 ग्राम गांजा और 260 ग्राम एमडी मिश्रित पाउडर शामिल है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 58,18,250 रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने बताया कि इस मामले की आगे जांच जारी है और पूरे नेटवर्क तथा सप्लाई चेन का पता लगाया जा रहा है।

Created On :   27 April 2026 5:01 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story