- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- अब बिजली कटौती केवल सुबह 7 से 11...
Pune City News: अब बिजली कटौती केवल सुबह 7 से 11 बजे तक

भास्कर न्यूज, पुणे। महावितरण ने बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने वाला निर्णय लिया है। अब बिजली लाइन की देखभाल और मरम्मत के लिए बिजली आपूर्ति केवल सुबह 7 बजे से 11 बजे के बीच ही बाधित की जाएगी। पहले यह काम सुबह 10 बजे से दोपहर 2 या 4 बजे तक किया जाता था, जिससे लोगों को काफी असुविधा होती थी। गर्मी के दिनों में बिजली की बढ़ती मांग और आगामी मानसून को देखते हुए विद्युत व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए महावितरण द्वारा हर साल रखरखाव कार्य किए जाते हैं। इन कार्यों का लक्ष्य मई के अंत तक पूरा करना होता है। हालांकि, दिन के समय बिजली बंद रहने से नागरिकों के दैनिक कामकाज पर असर पड़ रहा था, जिसे देखते हुए यह नया निर्णय लिया गया है।
महावितरण मुख्यालय ने सभी क्षेत्रीय कार्यालयों को निर्देश दिए हैं कि पूर्व नियोजित रखरखाव कार्य अब सुबह के समय ही किए जाएं, ताकि तेज धूप में लोगों को परेशानी न हो। साथ ही, मानसून से पहले बिजली व्यवस्था को पूरी तरह तैयार रखने पर भी जोर दिया जा रहा है। महावितरण ने स्पष्ट किया है कि किसी भी क्षेत्र में बिजली बंद करने से पहले उपभोक्ताओं को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से सूचना दी जाएगी। इसके अलावा, विभिन्न माध्यमों से भी इसकी जानकारी साझा की जाएगी।
रखरखाव कार्यों में पेड़ों की शाखाओं की कटाई, खराब इंसुलेटर बदलना, ट्रांसफॉर्मर और फीडर की जांच, ऑयल फिल्टरिंग, बिजली खंभों और तारों की मजबूती, पुराने तारों का बदलाव, लाइटनिंग अरेस्टर की मरम्मत, उपकेंद्रों के उपकरणों की देखभाल जैसे कई कार्य शामिल हैं।
Created On :   27 April 2026 7:35 PM IST












