- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- ऑनलाइन निवेश के नाम पर 2.30 करोड़...
Pune City News: ऑनलाइन निवेश के नाम पर 2.30 करोड़ की ठगी, आईटी इंजीनियर महिला बनी शिकार

भास्कर न्यूज, पुणे। ऑनलाइन निवेश के नाम पर साइबर ठगी का मामला सामने आया है, जिसमें एक आईटी इंजीनियर महिला से 2 करोड़ 30 लाख रुपए की ठगी की गई। यह घटना सोशल मीडिया के जरिए संपर्क कर शेयर मार्केट में भारी मुनाफे का लालच देने से शुरू हुई। जानकारी के अनुसार, शेवालवाडी क्षेत्र में रहने वाली 37 वर्षीय आईटी इंजीनियर फिलहाल एक साल के ब्रेक पर थी, को 26 जनवरी से 11 मार्च 2026 के बीच साइबर अपराधियों ने निशाना बनाया। ठगों ने महिला को एक फर्जी निवेश ऐप डाउनलोड करने के लिए कहा, जिसमें निवेश पर लगातार बढ़ता हुआ मुनाफा दिखाया जाता रहा।
शुरुआत में ऐप पर दिख रहे फायदे से महिला का भरोसा बढ़ता गया और उसने धीरे-धीरे बड़ी रकम निवेश कर दी। हालांकि, जब उसने अपने पैसे निकालने की कोशिश की, तो ठगों ने अलग-अलग शुल्क, तकनीकी समस्याएं और अन्य बहाने बनाकर उसे टालना शुरू कर दिया। कुछ समय बाद महिला को एहसास हुआ कि वह सुनियोजित साइबर ठगी का शिकार हो चुकी है। इसके बाद उसने शिवाजीनगर स्थित साइबर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में आईटी एक्ट और धोखाधड़ी की धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पुणे में शेयर मार्केट और ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर साइबर ठगी के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। साइबर अपराधी फर्जी ऐप, नकली ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया विज्ञापनों के जरिए खासतौर पर तकनीकी क्षेत्र से जुड़े लोगों को निशाना बना रहे हैं।
Created On :   28 April 2026 4:50 PM IST












