- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- पुणे रेलवे स्टेशन ‘हाउसफुल’, गर्मी...
Pune City News: पुणे रेलवे स्टेशन ‘हाउसफुल’, गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों की भारी भीड़

भास्कर न्यूज, पुणे। गर्मी की छुट्टियों के चलते पुणे रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। स्कूल और कॉलेजों की छुट्टियां शुरू होते ही अपने गांव या पर्यटन स्थलों की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। हालात ऐसे हैं कि प्रमुख ट्रेनों के टिकट जून तक पूरी तरह फुल हो चुके हैं, जबकि वेटिंग लिस्ट 100 से 200 तक पहुंच गई है। इससे ऐन वक्त पर यात्रा की योजना बनाने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पुणे एक प्रमुख औद्योगिक, शैक्षणिक और पर्यटन केंद्र होने के कारण यहां से रोजाना करीब डेढ़ से दो लाख यात्री सफर करते हैं।
उत्तरी भारत की ओर जाने वाली जम्मू-तवी झेलम एक्सप्रेस, दानापुर एक्सप्रेस, आजाद हिंद एक्सप्रेस, गोरखपुर एक्सप्रेस, दुरंतो एक्सप्रेस और बनारस एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है। वहीं मुंबई से दक्षिण भारत की ओर जाने वाली कन्याकुमारी एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस, सीएसएमटी-चेन्नई एक्सप्रेस और त्रिवेंद्रम एक्सप्रेस के टिकट भी 30 मई तक पूरी तरह बुक हो चुके हैं।
रेलवे प्रशासन ने बढ़ती भीड़ को देखते हुए 577 समर स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं, जिससे यात्रियों को कुछ राहत मिली है। हालांकि, बढ़ती मांग के मुकाबले यह संख्या भी कम पड़ रही है। यात्रियों ने दानापुर, दिल्ली, पटना और लखनऊ जैसे मार्गों पर अतिरिक्त ट्रेनों की मांग की है। साथ ही साप्ताहिक ट्रेनों को नियमित करने की भी जरूरत जताई जा रही है।
पुणे रेलवे स्टेशन पर फिलहाल 6 प्लेटफॉर्म हैं और यहां से रोजाना करीब 200 ट्रेनें गुजरती हैं, जिनमें से 75 ट्रेनें पुणे से ही रवाना होती हैं। इसके बावजूद बढ़ती भीड़ के कारण यात्रियों को असुविधा झेलनी पड़ रही है।
पुणे रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी हेमंतकुमार बेहेरा ने बताया कि गर्मी की छुट्टियों को ध्यान में रखते हुए विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है और भविष्य में आवश्यकता के अनुसार और ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की योजना है।
Created On :   27 April 2026 5:40 PM IST












