न्यू स्पोर्ट्स बाइक: Hero Xtreme 250R Carbon भारत में लॉन्च, 8.5 सेकंड में पकड़ेगी 100 kmph की रफ्तार, क्रूज कंट्रोल समेत मिले कई नए फीचर्स

Hero Xtreme 250R Carbon भारत में लॉन्च, 8.5 सेकंड में पकड़ेगी 100 kmph की रफ्तार, क्रूज कंट्रोल समेत मिले कई नए फीचर्स
नई बाइक में कार्बन फाइबर जैसी बनावट वाले बॉडी पैनल दिए गए हैं, जो बाइक को प्रीमियम और स्पोर्टी लुक देते हैं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश की दो पहिया बनाने वाली प्रमुख कंपनी हीरो मोटोकॉर्प की Xtreme 250R एक पॉपुलर स्पोर्ट्स बाइक है। वहीं अब कंपनी ने इसका नया 2026 मॉडल 250R Carbon लॉन्च कर दिया है। इसमें कंपनी ने कई नए बदलाव किए हैं। कंपनी का दावा है कि, यह बाइक महज 8.5 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। इस बाइक को तीन रंगों कार्बन रेड, कार्बन व्हाइट और कार्बन ब्लैक में पेश किया है। इसकी बुकिंग 17 अक्टूबर 2026 से शुरू हो गई है, जबकि ग्राहकों को इसकी डिलीवरी 1 नवंबर 2026 से मिलने की उम्मीद है।

हीरो एक्स्ट्रीम 250R कार्बन को भारत में 1.98 लाख रुपए की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत पर पेश किया गया है। यह कीमत दिल्ली के एक्स-शोरूम के हिसाब से है। बाइक की ऑन-रोड कीमत में रजिस्ट्रेशन, बीमा और अन्य शुल्क जुड़ने के बाद बढ़ोतरी हो सकती है। नई बाइक कितनी खास है? आइए जानते हैं...

Hero Xtreme 250R Carbon: लुक और फीचर्स

डिजाइन के मामले में नई बाइक को पहले से ज्यादा आकर्षक बनाने की कोशिश की गई है। इसमें कार्बन फाइबर जैसी बनावट वाले बॉडी पैनल दिए गए हैं, जो बाइक को प्रीमियम और स्पोर्टी लुक देते हैं। बाइक में गोल्ड रंग के फ्रंट फोर्क, नए ग्राफिक्स, रंगीन अलॉय व्हील और बेहतर फिनिश वाले कई हिस्से दिए गए हैं।

फीचर्स की बात करें तो नई बाइक में 4.2 इंच का फुल-कलर TFT इंस्ट्रूमेंट डिस्प्ले दिया गया है। इस स्क्रीन पर राइडर बाइक की स्पीड, जरूरी राइडिंग जानकारी और दूसरी जानकारियां मिलती हैं। स्मार्टफोन कनेक्टिविटी के साथ इसमें टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन, कॉल और मैसेज अलर्ट जैसे फीचर्स भी मिलते हैं।

Xtreme 250R Carbon में राइड-बाय-वायर तकनीक दी गई है। इसमें रेन, रोड, स्पोर्ट और ट्रैक नाम के चार राइडिंग मोड दिए गए हैं। नई बाइक में क्रूज कंट्रोल फीचर दिया गया है। अब इसमें बाई-डायरेक्शनल क्विकशिफ्टर भी दिया गया है। इसके अलावा बाइक में असिस्ट और स्लिपर क्लच दिया गया है।

Hero Xtreme 250R Carbon: ब्रेक और सस्पेंशन

इस बाइक में दिया गया फ्रीक्वेंसी सिलेक्टिव डैम्पिंग यानी FSD तकनीक वाला रियर मोनोशॉक सस्पेंशन दिया गया है। बाइक में आगे 320mm और पीछे 230mm की डिस्क ब्रेक दी गई हैं। इसके साथ सुरक्षा के लिहाज से स्विचेबल डुअल-चैनल ABS भी मिलता है। Hero Xtreme 250R Carbon में 11.5 लीटर की फ्यूल टैंक क्षमता दी गई है। इसकी सीट की ऊंचाई 806mm और ग्राउंड क्लीयरेंस 167mm है। बाइक का व्हीलबेस 1,357mm है।

Hero Xtreme 250R Carbon: इंजन और पावर

नई Hero Xtreme 250R Carbon में 249cc का लिक्विड-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर इंजन दिया गया है। यह इंजन 9,250 rpm पर 30 PS की अधिकतम पावर और 7,500 rpm पर 25.3 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसमें 6-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है। कंपनी के अनुसार, यह बाइक केवल 3.2 सेकंड में 0 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। वहीं, 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंचने में इसे करीब 8.5 सेकंड लगते हैं।

Created On :   17 Oct 2026 6:03 PM IST

Tags

Next Story