न्यू एसयूवी: Mahindra XUV 3XO ZNG भारत में लॉन्च, टर्बो इंजन के साथ मिलेगा CNG का पावर, कीमत 9.99 लाख रुपए से शुरू

Mahindra XUV 3XO ZNG भारत में लॉन्च, टर्बो इंजन के साथ मिलेगा CNG का पावर, कीमत 9.99 लाख रुपए से शुरू
महिंद्रा XUV 3XO ZNG को कंपनी ने चार वेरिएंट में पेश किया है। इसके सबसे महंगे REVX A ZNG वेरिएंट की कीमत 12.27 लाख रुपए रखी गई है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा ने अपनी पॉपुलर कॉम्पैक्ट एसयूवी XUV 3XO का नया CNG मॉडल भारतीय बाजार में लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इसे XUV 3XO ZNG नाम दिया है। खास बात यह है कि इसमें CNG के साथ टर्बो इंजन दिया गया है। कंपनी के अनुसार, यह SUV CNG पर 24.7 किलोमीटर प्रति किलोग्राम तक का माइलेज दे सकती है। नए मॉडल में दो CNG सिलेंडर, अच्छा बूट स्पेस और एडवांस फीचर्स दिए गए हैं। आइए जानते हैं इसकी कीमत और खूबियां...

वेरिएंट और कीमत

महिंद्रा XUV 3XO ZNG को कंपनी ने चार वेरिएंट में पेश किया है। इसके शुरुआती MX Edge ZNG वेरिएंट की कीमत 9.99 लाख रुपए है। वहीं, REVX Edge (O) ZNG की कीमत 10.79 लाख रुपए, AX5 ZNG की कीमत 11.19 लाख रुपए और सबसे महंगे REVX A ZNG वेरिएंट की कीमत 12.27 लाख रुपए रखी गई है। ये सभी कीमतें एक्स-शोरूम हैं।

XUV 3XO ZNG की खूबियां

इस एसयूवी का एक्सटीरियर डिजाइन काफी हद तक पेट्रोल मॉडल जैसा ही रखा गया है। इसमें SUV का चौड़ा फ्रंट लुक, आकर्षक लाइटिंग और मजबूत बॉडी डिजाइन बरकरार है। इसके पिछले हिस्से पर ZNG बैज दिया गया है, जिससे इसकी पहचान की जा सकती है। बात करें फीचर्स की तो एसयूवी के बेस वेरिएंट में करीब 10.25 इंच की HD टचस्क्रीन दी गई है। इसके अलावा इसमें क्रूज कंट्रोल, पीछे बैठने वाले यात्रियों के लिए AC वेंट और 60:40 रेश्यों में बांटी जा सकने वाली पिछली सीट मिलती है। टचस्क्रीन के जरिए म्यूजिक, मोबाइल कनेक्टिविटी और दूसरी सुविधाओं का इस्तेमाल किया जा सकता है।

वहीं टॉप वेरिएंट में ड्यूल स्क्रीन सेटअप दिया गया है, जिसमें इंफोटेनमेंट स्क्रीन के साथ डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर भी शामिल है। इसके अलावा चुनिंदा वेरिएंट में सनरूफ, ड्यूल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और एप्पल कारप्ले, कनेक्टेड LED टेललाइट, लेदर जैसी फिनिश वाली सीटें और डॉल्बी एटमॉस ऑडियो सिस्टम जैसे फीचर्स मिलते हैं। सुरक्षा के लिहाज से महिंद्रा ने XUV 3XO ZNG के सभी वेरिएंट में छह एयरबैग दिए हैं। इसके साथ इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल यानी ESC भी मिलता है। साथ ही बच्चों की सुरक्षा के लिए ISOFIX चाइल्ड सीट माउंट भी दिए गए हैं।

XUV 3XO ZNG में सेगमेंट का सबसे पहला 10-बार CNG इंजेक्शन प्रेशर सिस्टम दिया गया है। कंपनी ने इसमें अंडरफ्लोर ट्विन-सिलेंडर पैकेजिंग तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। जिससे दोनों सीएनजी सिलेंडरों को लगेज एरिया के नीचे बहुत ही सुरक्षित ढंग से फिट किया गया है। इसकी वजह से 270 लीटर का बड़ा बूट स्पेस मिलता है।

XUV 3XO ZNG: इंजन और परफोर्मेंस

महिंद्रा XUV 3XO ZNG में 1.2-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन दिया गया है, जिसे CNG पर चलने के लिए भी तैयार किया गया है। कंपनी के मुताबिक, यह इंजन पेट्रोल और CNG दोनों मोड में 82 किलोवाट यानी करीब 111 पीएस की पावर और 200 एनएम का टॉर्क प्रदान करता है। इसमें छह-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स दिया गया है। फिलहाल कंपनी ने इस मॉडल में ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प नहीं दिया है। महिंद्रा के अनुसार, यह SUV एक किलोग्राम CNG में 24.7 किलोमीटर तक चल सकती है।

कंपनी का दावा है कि CNG मोड में यह SUV केवल 4.9 सेकंड में 0 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। वहीं, 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंचने में इसे 11.8 सेकंड लगते हैं।

Created On :   15 Oct 2026 4:49 PM IST

Tags

Next Story