लिमिटेड एडिशन बाइक: Royal Enfield Classic 650 Hypershift स्पेशल एडिशन लॉन्च, रोशनी पड़ते ही बदल जाएगा बाइक का रंग, कीमत 4.25 लाख रुपए

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत की पॉपुलर मोटरसाइकिल कंपनी Royal Enfield ने अपने 125 साल पूरे होने के मौके पर नई Classic 650 का स्पेशल एडिशन लॉन्च किया है। कंपनी ने इसे Hypershift नाम दिया है और इस बाइक की सबसे बड़ी खासियत इसका खास पेंट है। कंपनी के अनुसार, भारत समेत कंपनी के प्रमुख बाजारों में इसके सिर्फ 125-125 यूनिट उपलब्ध होंगे। इसके लिए रजिस्ट्रेशन आज से शुरू हो गया है जो 28 अक्टूबर तक खुला रहेगा। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 4,25,589 रुपए रखी गई है। आइए जानते हैं इस बाइक की खूबियां...
यह भी पढ़े -टेस्ला ने पेश की उड़ने वाली इलेक्ट्रिक कार, हवा में छलांग लगाने के बाद पलटी और जमीन पर लैंड हुई, बुकिंग शुरू
Royal Enfield Classic 650 Hypershift में क्या खास?
इस बाइक के बेसिक डिजाइन में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इस बाइक के स्पेशल एडिशन को सबसे अलग बनाता है इसका अनोखा रंग बदलने वाला पेंट। इसमें पीतल यानी ब्रास से प्रेरित बेस कलर दिया गया है। इसके ऊपर खास Hypershift फिनिश का इस्तेमाल किया गया है, जिसकी वजह से बाइक की बॉडी रोशनी और देखने के कोण के अनुसार लाल, हरे और सुनहरे रंगों में दिखाई देती है। इसके अलावा इसके टियरड्रॉप टैंक पर 125 साल का क्रस्ट, साइडपैनल्स पर खास बैजिंग और हाथ से पेंट किए गए पिनस्ट्राइप्स दिए गए हैं। इसमें गोल हेडलैंप, गोल शीशे और वायर-स्पोक व्हील्स दिए गए हैं।
बाइक में भूरे रंग की प्रीमियम सीट दी गई है, जिस पर सिलाई का खास पैटर्न मिलता है। इसके साथ सुनहरे रंग की डिजाइन डिटेलिंग बाइक के लुक को और आकर्षक बनाती है। इंजन और एग्जॉस्ट जैसे हिस्सों पर ब्लैक फिनिश दी गई है, जो चमकदार बॉडी के साथ अच्छा कंट्रास्ट बनाती है।
लाइटिंग की बात करें तो इसमें एलईडी हेडलैंप और एलईडी टेललैंप मिलते हैं, जबकि टर्न इंडिकेटर में सामान्य बल्ब का इस्तेमाल किया गया है। इसमें USB Type-C चार्जिंग पोर्ट भी दिया गया है।
यह भी पढ़े -Toyota Glanza Facelift भारत में लॉन्च, मिला नया लुक और एडवांस सेफ्टी फीचर्स, कीमत 6.99 लाख रुपए से शुरू
ब्रेकिंग और सस्पेंशन
इस मोटरसाइकिल में आगे की तरफ 320 मिमी और पीछे की तरफ 300 मिमी की डिस्क ब्रेक दी गई है। इसके साथ ड्यूल-चैनल एबीएस मिलता है। सस्पेंशन की बात करें तो आगे टेलिस्कोपिक फोर्क और पीछे ट्विन-शॉक सस्पेंशन दिया गया है। इसमें आगे 19 इंच और पीछे 18 इंच के पहिये मिलते हैं। बाइक की सीट की ऊंचाई 800 मिमी है, जबकि ग्राउंड क्लीयरेंस 154 मिमी दिया गया है। इसकी फ्यूल टंकी की क्षमता 14.7 लीटर है। बाइक का वजन करीब 243 किलोग्राम है।
यह भी पढ़े -e-SPRINTO G1 भारत में हुआ लॉन्च, एक बार चार्ज करने पर मिलेगी 130 किलोमीटर तक की रेंज, कीमत 89,999 रुपए से शुरू
इंजन और पावर
Royal Enfield Classic 650 Hypershift में कंपनी का 647.95 सीसी का पैरेलल-ट्विन इंजन दिया गया है। यह दो सिलेंडर वाला इंजन है, जो 7,250 आरपीएम पर 47 पीएस की अधिकतम पावर और 5,650 आरपीएम पर 52.3 एनएम का अधिकतम टॉर्क जनरेट करता है। इसके साथ छह-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है।
Created On :   16 Oct 2026 9:12 PM IST












