Tesla Roadster: टेस्ला ने पेश की उड़ने वाली इलेक्ट्रिक कार, हवा में छलांग लगाने के बाद पलटी और जमीन पर लैंड हुई, बुकिंग शुरू

टेस्ला ने पेश की उड़ने वाली इलेक्ट्रिक कार, हवा में छलांग लगाने के बाद पलटी और जमीन पर लैंड हुई, बुकिंग शुरू
नई रोडस्टर कार 0.81 सेकंड में 0 से लगभग 100 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार पकड़ सकती है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका की इलेक्ट्रिक कार बनाने वाली दिग्गज कंपनी टेस्ला (Tesla) ने अपनी नई कार से एक बार फिर से सबको चौंकाया है। खरबपति एलन मस्क की कंपनी ने इस बार उड़ने वाली कार Roadster को दिखाया है। इस कार में रॉकेट टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है। कार को अमेरिका के टेक्सस स्थित स्पेसएक्स रॉकेट टेस्टिंग फैसिलिटी में पेश किया गया। इस खास इवेंट की लाइवस्ट्रीमिंग की गई, जहां टेस्ला ने अनोखे अंदाज में स्टंट दिखाया।

इस कार ने पहले हवा में छलांग लगाई, फिर आसमान में पलटी मारी और आखिर में चारों पहियों पर वापस जमीन पर लैंडिंग की। इस नजारे को देख हर किसी की आंखें खुली रह गईं। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। आइए जानते हैं इस कार से जुड़ी खास बातें...

Tesla Roadster का अनोखा स्टंट

टेस्ला ने अपने आधिकारिक हैंडल से इस कार की वीडियो क्लिप शेयर की है। इसके अलावा एलन मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कार का वीडियो शेयर किया है। वीडियो में कार पहले एक खास घुमावदार ट्रैक पर तेजी से आगे बढ़ती दिखाई देती है। इसके बाद वह ट्रैक पर उलटी होती हुई नजर आती है। फिर कार कुछ समय के लिए हवा में जाती है, बीच हवा में घूमती है और आखिर में जमीन पर सुरक्षित उतरती दिखाई देती है।

रॉकेट टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल

यहां बता दें कि, Tesla ने 2017 में अपने पहले कॉन्सेप्ट को दिखाने के लगभग 9 सालों के बाद नेक्स्ट-जेन Roadster के प्रोटोटाइप को पेश किया है। टेस्ला की रिजर्वेशन वेबसाइट के अनुसार, इसे तीन वेरिएंट परफॉर्मेंस, थ्रस्ट और रॉकेट में उपलब्ध कराया जाएगा, जिसमें सबसे एडवांस रॉकेट मॉडल है। परफॉर्मेंस में रॉकेट थ्रस्टर नहीं मिलेंगे, वहीं थ्रस्ट वेरिएंट में पीछे की तरफ लगे एक्सीलरेशन बूस्टर दिए जाएंगे। जबकि, रॉकेट वेरिएंट में 10 थ्रस्टर और पूरा फ्लाइट सिस्टम मिलेगा।

सबसे खास बात कार में इस्तेमाल की गई रॉकेट टेक्नोलॉजी है। रिपोर्टों के अनुसार, इस तकनीक को एलन मस्क की दूसरी कंपनी स्पेसएक्स के साथ मिलकर विकसित किया गया है। इसमें कंप्रेस्ड गैस को खास नोजल से बाहर निकालकर कार को हवा में उठाने और उसकी डायरेक्शन कंट्रोल करने के लिए फोर्स जनरेट किया जाता है। कार में लगे कंप्रेसर इस सिस्टम को दोबारा चार्ज करने के लिए डिजाइन किए गए हैं।

370 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार

टेस्ला के अनुसार, नई रोडस्टर कार 0.81 सेकंड में 0 से लगभग 100 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार पकड़ सकती है। वहीं इसकी अधिकतम रफ्तार 230 मील प्रति घंटे से ज्यादा यानी लगभग 370 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। बैटरी की बात करें तो कंपनी ने नई कार की एक बार चार्ज करने पर लगभग 480 किलोमीटर बताई है। ध्यान देने वाली बात यह भी है कि 2017 में दिखाए गए पुराने मॉडल के लिए लगभग 1,000 किलोमीटर की दूरी का दावा किया गया था, लेकिन नए मॉडल के लिए अब बताई गई दूरी उससे कम है।

कितने में होगी बुकिंग

टेस्ला की वेबसाइट पर परफॉर्मेंस वेरिएंट को बुक करने के लिए 50,000 अमेरिकी डॉलर (लगभग 47 लाख रुपए) राशि बताई गई है। वहीं थ्रस्ट वेरिएंट की बुकिंग के लिए $250,000 (लगभग 2.37 करोड़ रुपए) देने होंगे। जबकि, रॉकेट वेरिएंट केवल चुनिंदा ग्राहकों के लिए रखा गया है। कंपनी ने अभी तक कार की कुल कीमत का खुलासा नहीं किया है। कंपनी ने प्रोडक्शन शुरू करने के लिए 2028 का टारगेट बताया है।

Created On :   16 Oct 2026 3:28 PM IST

Tags

Next Story