बोलेरो स्पेशल एडिशन: Mahindra Bolero Bold Edition लॉन्च, ब्रॉन्ज लुक के साथ मिला नया इंटीरियर और रियर कैमरा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश की प्रमुख एसयूवी निर्माता कंपनी महिंद्रा ने अपनी पॉपुलर एसयूवी बोलेरो का नया बोल्ड एडिशन (Bolero Bold Edition) भारतीय बाजार में पेश कर दिया है। इस नए एडिशन में गाड़ी को पहले से ज्यादा आकर्षक बनाने के लिए ब्रॉन्ज यानी तांबे जैसे रंग की फिनिश दी गई है। इसके अलावा, इंटीरियर में भी बदलाव किए गए हैं और रियर-व्यू कैमरा जोड़ा गया है। हालांकि, कंपनी ने गाड़ी के इंजन और गियरबॉक्स में कोई बदलाव नहीं किया है। यानि कि, महिंद्रा बोलेरो बोल्ड एडिशन कोई पूरी तरह नया मॉडल नहीं, बल्कि खास एक्सेसरीज पैकेज के रूप में आया है। आइए जानते हैं इसकी कीमत और खूबियां...
Mahindra Bolero Bold Edition की कीमत
महिंद्रा का कहना है कि 'बोल्ड एडिशन' को एक खास एक्सेसरीज पैकेज के जरिए तैयार किया गया है, इसलिए इसमें जोड़े गए नए फीचर्स एक नए फैक्ट्री ट्रिम के बजाय एक्सेसरीज के रूप में आते हैं। इस पैकेज की आधिकारिक कीमत का खुलासा अभी नहीं किया है। बता दें कि, स्टैंडर्ड बोलेरो के B4, B6, B6(O) और B8 वेरिएंट्स की एक्स-शोरूम कीमत 8.57 लाख रुपए से लेकर 9.99 लाख रुपए तक है। बता दें कि, महिंद्रा ने पिछले साल भी बोलेरो का 'बोल्ड एडिशन' पेश किया था।
यह भी पढ़े -Bajaj Pulsar N250SS नए लुक के साथ हुई लॉन्च, इसमें हैं 6 गियर्स और Type-C Port जैसे कई फीचर्स
Mahindra Bolero Bold Edition में क्या है खास?
महिंद्रा बोलेरो के बोल्ड एडिशन के एक्सटीरियर और इंटीरियर में कुछ बदलाव किए गए हैं। बोल्ड एडिशन के बाहरी डिजाइन में सबसे बड़ा बदलाव ब्रॉन्ज रंग की फिनिश है। गाड़ी के फ्रंट ग्रिल, आगे के बंपर और फॉग लैंप के आसपास इस रंग का इस्तेमाल किया गया है। इससे एसयूवी के सामने वाले हिस्से को नया लुक मिलता है। इसके अलावा, गाड़ी के साइड में दी गई क्लैडिंग को भी ब्लैक और ब्रॉन्ज रंग के मेल के साथ तैयार किया गया है। क्लैडिंग गाड़ी के दरवाजों के निचले हिस्से में लगी होती है, जो इसके मजबूत और स्पोर्टी लुक को बढ़ाती है।
इस एडिशन में ब्रॉन्ज फिनिश वाले अलॉय व्हील भी दिए गए हैं। साथ ही, बाहर के रियर-व्यू मिरर यानी ओआरवीएम पर ब्रॉन्ज रंग की सजावट और रूफ रेल्स पर भी इसी रंग का इस्तेमाल किया गया है। गाड़ी के साइड में बोल्ड एडिशन की खास पहचान के लिए बैजिंग भी मिलती है। इन बदलावों के बावजूद बोलेरो का मूल बॉक्सी डिजाइन पहले जैसा ही रखा गया है।
बोलेरो बोल्ड एडिशन के केबिन में भी कुछ बदलाव किए गए हैं। इसमें ब्लैक रंग की लेदरेट सीटें दी गई हैं, जिन पर ब्रॉन्ज रंग की सजावट देखने को मिलती है। इसके साथ ही, इस एडिशन में खास डिजाइन वाले फ्लोर मैट भी दिए गए हैं। इस पैकेज में सबसे उपयोगी फीचर रियर-व्यू कैमरा है।
Mahindra Bolero Bold Edition: इंजन और परफोर्मेंस
महिंद्रा ने बोलेरो बोल्ड एडिशन के इंजन में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसमें पहले की तरह 1.5-लीटर का तीन-सिलेंडर डीजल इंजन मिलता है। यह इंजन लगभग 76 पीएस की पावर और 210 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है। इंजन के साथ पांच-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स मिलता है।
Created On :  


