एसयूवी स्पेशल एडिशन: Maruti Suzuki Victoris का Aurum Edition लॉन्च, जानिए नए कॉपर लुक वाली इस SUV की कीमत और खूबियां

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश की प्रमुख कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी ने अपनी पॉपुलर SUV विक्टोरिस की पहली सालगिरह के मौके पर इसका खास Aurum Edition लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इस नए एडिशन को आकर्षक लुक और अतिरिक्त एक्सेसरीज के साथ पेश किया है। इसमें गाड़ी के आगे, पीछे और साइड में कॉपर कलर की खास सजावट के साथ कई जगह क्रोम फिनिश देखने को मिलेगी। खास बात यह है कि इसे केवल स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड मॉडल के साथ पेश किया गया है। आइए जानते हैं इसकी कीमत और खूबियां...
यह भी पढ़े -नई Bajaj Pulsar NS200 भारत में हुई लॉन्च, 5-इंच TFT डिस्प्ले और राइडिंग मोड्स के साथ मिले 3 कलर ऑप्शन
Aurum Edition की कीमत
मारुति सुजुकी ने इस Aurum Edition की एक्सेसरीज किट की कीमत 22,990 रुपए रखी है। इसे खरीदने के लिए ग्राहकों को स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड विक्टोरिस की कीमत अलग से चुकानी होगी। विक्टोरिस के स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड वेरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत 16.43 लाख रुपए से शुरू होकर 19.99 लाख रुपए तक जाती है।
Maruti Suzuki Victoris Aurum Edition में क्या खास?
मारुति सुजुकी ने विक्टोरिस की पहली सालगिरह पर Aurum Edition पेश किया है। Aurum शब्द लैटिन भाषा से लिया गया है, जिसका अर्थ सोना होता है। इसमें सबसे बड़ा बदलाव इसके बाहरी लुक है। गाड़ी के आगे और पीछे की स्किड प्लेट पर कॉपर कलर की डिटेलिंग दी गई है। साइड में भी यह रंग देखने को मिलेगा। इसके अलावा, पहियों के ऊपर बने व्हील आर्च के आसपास भी कॉपर कलर के डिजाइन एलिमेंट्स दिए गए हैं। कंपनी ने इसमें क्रोम एक्सेसरीज का भी इस्तेमाल किया है। फ्रंट ग्रिल, फेंडर, बंपर, गाड़ी के साइड वाले हिस्सों और डोर वाइजर पर क्रोम देखने को मिलेगा।
मारुति सुजुकी ने इस एडिशन के केबिन और डिक्की को सुरक्षित रखने के लिए भी कुछ उपयोगी एक्सेसरीज शामिल की हैं। इसमें ऑल-वेदर 3D केबिन मैट मिलेंगे, जो गाड़ी के फर्श को धूल, मिट्टी और पानी से बचाने में मदद करेंगे। इसके साथ 3D बूट मैट दिया गया है। पीछे सामान रखने की जगह के प्रवेश वाले हिस्से पर ट्रंक सिल गार्ड भी मिलेगा। इसके अलावा इस एसयूवी में पहले की तरह सभी फीचर्स मिलते रहेंगे।
यह भी पढ़े -Bajaj Pulsar N250SS नए लुक के साथ हुई लॉन्च, इसमें हैं 6 गियर्स और Type-C Port जैसे कई फीचर्स
इंजन और परफोर्मेंस
विक्टोरिस Aurum Edition की सबसे अहम बात यह है कि इसमें कंपनी की स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड तकनीक बरकरार रखी गई है। इसमें 1.5 लीटर का तीन सिलेंडर पेट्रोल इंजन दिया गया है, जिसे इलेक्ट्रिक मोटर और बैटरी का साथ मिलता है। इस हाइब्रिड सिस्टम की कुल पावर लगभग 116 हॉर्सपावर है। इसमें e-CVT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स मिलता है। कंपनी के अनुसार, विक्टोरिस स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड का ARAI प्रमाणित माइलेज 28.65 किलोमीटर प्रति लीटर तक है।
Created On :  

