न्यू ईवी: Tesla Model Y L Premium भारत में लॉन्च, सिंगल चार्ज पर मिलेगी 681km तक की WLTP रेंज

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिकी इलेक्ट्रिक वाहन (EV) निर्माता कंपनी Tesla ने बुधवार को भारत में अपनी पॉपुलर एसयूवी Model Y L Premium का लॉन्ग-व्हीलबेस वर्जन लॉन्च कर दिया है। इसमें तीन-रो वाली सीटिंग लेआउट दी गई है। इस EV की WLTP रेंज 681km तक है और इसमें डुअल-मोटर ऑल-व्हील-ड्राइव सेटअप दिया गया है। Model Y L Premium में स्टैंडर्ड Model Y के कई फीचर्स भी दिए गए हैं। आइए जानते हैं इसकी कीमत और स्पेसिफिकेशन...
Tesla Model Y L Premium की कीमत और उपलब्धता
इस ईवी को ऑल-व्हील-ड्राइव (AWD) वेरिएंट में पेश किया गया है, जिसकी भारत में कीमत 61.99 लाख रुपए (एक्स-शोरूम) है। यह EV अभी छह रंगों स्टेल्थ ग्रे, कॉस्मिक सिल्वर, अल्ट्रा रेड, ग्लेशियर ब्लू, डायमंड ब्लैक और पर्ल व्हाइट मल्टी-कोट में उपलब्ध है। देश भर में इस EV की डिलीवरी जल्द ही शुरू होने की उम्मीद है।
Tesla Model Y L Premium की खूबियां
स्टैंडर्ड Model Y की तुलना में, इस लॉन्ग-व्हीलबेस वर्जन का व्हीलबेस 150mm ज्यादा लंबा है। इसकी लंबाई 4,976mm, चौड़ाई 2,129mm और ऊंचाई 1,668mm है। इसकी रूफलाइन भी थोड़ी ज्यादा ऊंची है। यह EV 19-इंच के Machina 2.0 अलॉय व्हील्स पर चलती है।
Model Y L Premium में तीन-रो, छह-सीटों वाला लेआउट है, जिसमें दूसरी रो में कैप्टन सीट्स हैं जो स्टैंडर्ड मॉडल के बेंच सेटअप की जगह लेती हैं। इसमें थाई एक्सटेंशन का सपोर्ट भी है, जो स्टैंडर्ड वेरिएंट में नहीं मिलता। यह SUV 2,539 लीटर तक की कार्गो कैपेसिटी देती है।
बात करें फीचर्स की तो इसमें 15.8-इंच के टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है। इसमें दूसरी रो के पैसेंजर्स के लिए 8-इंच का रियर डिस्प्ले भी दिया गया है। ये स्क्रीन कार के ज्यादातर फंक्शन, जैसे मीडिया, नेविगेशन और क्लाइमेट सेटिंग्स को कंट्रोल करती हैं। इस गाड़ी में 18+1 स्पीकर वाला ऑडियो सिस्टम, हीटेड और वेंटिलेटेड सीट्स, एम्बिएंट लाइटिंग और पैनोरमिक ग्लास रूफ भी है।
Tesla 30-दिन के प्रीमियम कनेक्टिविटी ट्रायल के साथ कनेक्टेड सर्विसेज देती है, जिसके बाद नेविगेशन समेत स्टैंडर्ड कनेक्टिविटी आठ साल तक उपलब्ध रहती है। यह SUV ओवर-द-एयर (OTA) अपडेट्स को भी सपोर्ट करती है। सुरक्षा के लिहाज से इसमें एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS), कई एयरबैग्स, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल और दूसरी सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं। हालांकि, Tesla का Full Self-Driving (FSD) फीचर भारत में अभी एक्टिव इस्तेमाल के लिए उपलब्ध नहीं है।
Tesla Model Y L Premium: बैटरी और पावर
इस ईवी में डुअल-मोटर ऑल-व्हील-ड्राइव सिस्टम दिया गया है, जो 378kW तक की पावर और 590Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। दावा किया गया है कि यह 5 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है, और इसकी टॉप स्पीड 201kmph है। यह इलेक्ट्रिक SUV एक बार चार्ज करने पर 681km तक की WLTP-सर्टिफाइड रेंज देती है। Tesla के अनुसार, Tesla Supercharger से 15 मिनट चार्ज करने पर 288km तक की रेंज मिल सकती है।
Created On :   22 April 2026 7:34 PM IST















