Asian Games 2026: भारतीय मेंस बैडमिंटन टीम की धमाकेदार जीत, बांग्लादेश को 3-0 से हराकर कटाया क्वार्टर फाइनल का टिकट

डिजिटल डेस्क, भोपाल। भारतीय मेंस बैडमिंटन टीम ने एशियन गेम्स 2026 का आगाज धमाकेदार अंदाज में किया है। टीम ने एकतरफा मुकाबले में बांग्लादेश को 3-0 से शिकस्त दी। लक्ष्य सेन, आयुष शेट्टी और किदांबी श्रीकांत ने लाजवाब खेल का प्रदर्शन किया।
पहले गेम में लक्ष्य सेन ने बांग्लादेश के प्लेयर अयमान इब्न जमन के खिलाफ दमदार प्रदर्शन किया। उन्होंने एक के बाद एक दमदार शॉट्स लगाकर गेम को 21-4 से अपने नाम कर लिया। पहले गेम की लय को लक्ष्य ने दूसरे गेम में भी बरकरार रखा। उन्होंने 21-12 से जीत हासिल कर भारत को मुकाबले में 1-0 की बढ़त दिला दी।
दूसरे मैच में आयुष शेट्टी ने भी कमाल का खेल दिखाया। बांग्लादेशी प्लेयर गौरव सिंघा पर आयुष पूरी तरह हावी दिखाई दिए। पहले गेम को उन्होंने 21-4 से अपने नाम किया। इसी तरह दूसरे गेम में भी उन्होंने अपने दबदबे को बनाए रखा और 21-13 से जीत दर्ज की। आयुष की इस मुकाबले में जीत के साथ ही भारत की बढ़त 2-0 हो गई।
तीसरे मुकाबले में किदांबी श्रीकांत ने भी दमदार प्रदर्शन किया। उन्होंने बांग्लादेश के प्लेयर जुमार अल-अमीन को हराकर भारत की दूसरी जीत पक्की कर दी। श्रीकांत ने पहला गेम 21-15 और दूसरा गेम 21-10 से अपने नाम किया। इसी के साथ भारत की बांग्लादेश पर यादगार जीत हुई।
यह भी पढ़े -'यह मेडल मेरे लिए खास है', पार्थ माने ने कोच और माता-पिता को समर्पित किया टीम सिल्वर मेडल
इस जीत के साथ भारतीय टीम ने क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। क्वार्टरफाइनल मंगलवार को खेला जाएगा, जिसमें भारत की टक्कर जापान से होगी। अगर उस मुकाबले में जीत हासिल कर भारतीय टीम सेमीफाइनल में पहुंच जाती है तो उसका मेडल पक्का हो जाएगा।
Created On :  

