French Open 2026: पीवी सिंधु ने दिखाया दम, फ्रेंच ओपन के फाइनल में बनाई जगह, एन से यंग से होगी खिताबी भिड़ंत

पीवी सिंधु ने दिखाया दम, फ्रेंच ओपन के फाइनल में बनाई जगह, एन से यंग से होगी खिताबी भिड़ंत
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने बीडब्ल्यूएफ फ्रेंच ओपन 2026 के फाइनल में जगह बना ली है। सिंधु ने शनिवार को एरिना ग्रैंड पेरिस में खेले गए विमेंस सिंगल्स सेमीफाइनल में जापान की हिना अकेची को 73 मिनट तक चले मुकाबले में 21-10, 20-22, 21-16 से मात दी।

डिजिटल डेस्क, पेरिस। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने बीडब्ल्यूएफ फ्रेंच ओपन 2026 के फाइनल में जगह बना ली है। सिंधु ने शनिवार को एरिना ग्रैंड पेरिस में खेले गए विमेंस सिंगल्स सेमीफाइनल में जापान की हिना अकेची को 73 मिनट तक चले मुकाबले में 21-10, 20-22, 21-16 से मात दी।

सिंधु ने मैच का आगाज शानदार तरीके से किया और पहला गेम 21-10 से आसानी से जीत लिया। दूसरे गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। सिंधु ने 16-16 से स्कोर बराबर करने के बाद 18-16 की बढ़त भी बनाई, लेकिन अकेची ने वापसी करते हुए गेम 22-20 से अपने नाम कर लिया।

इसके बाद मुकाबला निर्णायक गेम में पहुंच गया। तीसरे गेम में भी दोनों खिलाड़ियों के बीच कई बार स्कोर बराबर हुआ। एक समय अकेची ने 16-15 की बढ़त बना ली थी, लेकिन सिंधु ने इसके बाद शानदार खेल दिखाया। उन्होंने लगातार छह अंक हासिल किए और गेम 21-16 से जीतकर मैच अपने नाम कर लिया।

फाइनल में वर्ल्ड नंबर-1 से होगा मुकाबला

अब फाइनल में सिंधु का सामना साउथ कोरिया की विश्व नंबर-1 खिलाड़ी एन से यंग से होगा। एन से यंग ने दूसरे सेमीफाइनल में जापान की नोजोमी ओकुहारा को 21-12, 21-19 से हराया। यह मुकाबला सिर्फ 45 मिनट चला।

सीजन का दूसरा सुपर 750 फाइनल

जुलाई में जापान ओपन जीतने के बाद सिंधु का इस सीजन में यह दूसरा बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर सुपर 750 फाइनल है। रविवार को होने वाला फाइनल सिंधु और एन से यंग के बीच सर्किट पर 11वां मुकाबला होगा। इस साल दोनों खिलाड़ी तीसरी बार आमने-सामने होंगी।

सिंधु अभी तक एन से यंग के खिलाफ जीत दर्ज नहीं कर सकी हैं। ऐसे में फ्रेंच ओपन का फाइनल उनके लिए इस रिकॉर्ड को बदलने का मौका भी होगा।

हर पॉइंट होगा अहम - सिंधु

फाइनल से पहले सिंधु ने कहा कि उन्हें एन से यंग के खिलाफ कड़ी टक्कर देनी होगी। उन्होंने कहा कि हर अंक महत्वपूर्ण होगा और उन्हें कोर्ट पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। सिंधु ने माना कि एन से यंग इस समय शानदार फॉर्म में हैं, लेकिन उनका मानना है कि हर दिन नया होता है और फाइनल में वह पूरी ताकत के साथ उतरेंगी।

Created On :  

Tags

Next Story