Taipei Open 2026: भारतीय बैडमिंटन को मिली नई स्टार, तन्वी शर्मा बनी सबसे कम उम्र की ताइपे ओपन चैंपियन

डिजिटल डेस्क, भोपाल। युवा भारतीय सनसनी तन्वी शर्मा ने ताइपे ओपन सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया है। विमेंस सिंगल्स फाइनल में उन्होंने वियतनाम की छठी वरीयता प्राप्त थुई लिन्ह एनगुएन को सीधे गेम में मात दी। इसी के साथ उन्होंने अपना पला BWF वर्ल्ड टूर खिताब अपने नाम कर लिया। तन्वी पिछली साल अमेरिकी ओपन सुपर 300 जीतने से चूक गई थीं। उन्हें फाइनल में एनगुएन ने 21-16, 21-16 से हराया था।
यह भी पढ़े -'उनमें एक खास खिलाड़ी बनने के सभी गुण हैं', ताइपे ओपन का खिताब जीतने पर पीवी सिंधु ने की तन्वी की तारीफ
रचा इतिहास
तन्वी साल 2008 के बाद ताइपे ओपन का महिला सिंगल्स खिताब जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी हैं। उनसे पहले साइना नेहवाल ने यह खिताब अपने नाम किया था। इसके साथ ही वे इस टूर्नामेंट को जीतने वाली सबसे कम उम्र की खिलाड़ी भी बन गई हैं। उन्होंने 17 साल 222 दिन में यह उपलब्धि हासिल की। पहले ये रिकॉर्ड ताइवान की दिग्गज खिलाड़ी ताई त्ज़ु-यिंग के नाम था, जिन्होंने 18 साल 85 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी।
मैच की बात करें तो तन्वी केवल 36 मिनट में यह मैच अपने नाम किया। उन्होंने पहले गेम की शानदार शुरुआत की और 10-2 से बढ़त बना ली। बीच में उनसे गलतियां भी हुईं, लेकिन उन्होंने दमदार वापसी करते हुए पहला गेम 21-16 से अपने नाम कर लिया।
दूसरे गेम की शुरुआत में थुई लिन्ह ने 3-0 बढ़त हासिल की। लेकिन, तनवी ने लगातार 3 अंक लेकर स्कोर को 3-3 की बराबरी पर ला दिया। इसके बाद तन्वी ने कोई गलती नहीं की और मैच को आखिर में 21-16 से अपने नाम कर लिया।
बात दें कि तन्वी को पीवी सिंधु के पूर्व कोच पार्क ते-सांग कोचिंग दे रहे हैं। फाइनल में जीत हासिल करने के बाद तन्वी ने अपना गोल्ड मेडल उतारकर पार्क ते-सांग के गले में डाल दिया।
Created On :   2 Aug 2026 5:59 PM IST








