Australian Open 2026: ऑस्ट्रेलियन ओपन में भारत का शानदार अभियान जारी, विमेंस सिंगल्स के क्वार्टर फाइनल में पहुंची पीवी सिंधु और तन्वी शर्मा

ऑस्ट्रेलियन ओपन में भारत का शानदार अभियान जारी, विमेंस सिंगल्स के क्वार्टर फाइनल में पहुंची पीवी सिंधु और तन्वी शर्मा
ऑस्ट्रेलियन बैडमिंटन ओपन 2026 के विमेंस सिंगल्स इवेंट में भारत की स्टार प्लेयर पीवी सिंधू ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली है।

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। ऑस्ट्रेलियन बैडमिंटन ओपन 2026 के विमेंस सिंगल्स इवेंट में भारत की स्टार प्लेयर पीवी सिंधू ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली है। वहीं, तन्वी शर्मा का प्रदर्शन भी शानदार रहा, वह भी क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुकी हैं।

गुरुवार को खेले गए मुकाबले में वर्ल्ड की नंबर 10 प्लेयर पीवी सिंधु का मुकाबला हमवतन और वर्ल्ड नंबर 39 खिलाड़ी इशरानी बरुआ से था। उन्होंने इस मुकाबले को 22-20, 21-12 से अपने नाम कर लिया। तीसरी वरीयता प्राप्त भारतीय खिलाड़ी को पहले गेम में इशरानी से कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा। हालांकि दूसरे गेम को उन्होंने एकतरफा अंदाज में अपने नाम कर लिया। 42 मिनट तक चले इस मैच को जीतकर सिंधू ने क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली। 2 बार की ओलंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु का क्वार्टर फाइनल में मुकाबला चीनी ताइपे की चेन सु-यू से होगा।

वहीं, एक अन्य ऑल-इंडियन मुकाबले में 17 वर्षीय तन्वी शर्मा ने अपनी सीनियर हमवतन मालविका बंसोड़ के खिलाफ 21-13, 21-15 से शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ तन्वी ने साल के अपने दूसरे क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। क्वार्टर फाइनल में उनका सामना जापान की तीन बार की वर्ल्ड चैंपियन और टॉप सीड अकाने यामागुची से होगा।

बात करें मेंस डबल्स की तो इसमें एमआर अर्जुन और हरिहरन अमसाकरुणन की जोड़ी ने न्यूजीलैंड के माइकल ओवेन और डायलन सोएडजासा की जोड़ी के खिलाफ 21-17, 21-7 से आसान जीत दर्ज करते हुए अपनी उम्मीदें बरकरार रखी हैं। बता दें कि मेंस डबल्स इवेंट में अर्जुन और हरिहरन ही एकमात्र भारतीय बचे हैं। अच्युतादित्य राव डोड्डावरपु और अर्जुन रेड्डी पोचाना शुरुआती दौर में ऑस्ट्रेलियाई जोड़ी कांकी इगावा और ओई ये हर्न से 15-21, 15-21 से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे।

Created On :  

Tags

Next Story