'स्ट्रीट फाइटर' का ट्रेलर रिलीज: मेहनत करते रहो, जो मिलना होगा वह आपके पास पहुंच जाएगा- विद्युत जामवाल

भास्कर ब्यूरो, मुंबई। मुंबई में फिल्म ‘स्ट्रीट फाइटर’ के ट्रेलर लॉन्च में विद्युत जामवाल पहुंचे। इस हॉलीवुड फिल्म में विद्युत धलसिम का किरदार निभा रहे हैं। इवेंट के खत्म होने से पहले विद्युत ने 20 मिनट तक आंखें खुली रखकर और स्थिर खड़े रहकर मेडिटेशन किया। 11 मिनट पर उन्होंने अपनी सांसें रोक लीं और 15वें मिनट पर सांस छोड़ी। मेडिटेशन खत्म कर उन्होंने कहा कि मैं अपनी नई पीढ़ी से कहना चाहता हूं कि थोड़ा रुकिए। आज हर कोई भाग रहा है। किसी को कुछ करना है, किसी को कुछ हासिल करना है। लेकिन कभी-कभी कुछ नहीं करना भी जरूरी है। एक बार रुककर खुद को समझिए। जब आप थोड़ी देर रुकना सीखते हैं, तो यह आदत आपको बहुत आगे ले जा सकती है। आपको यह पता होना चाहिए कि आप क्या बनना चाहते हैं और किस तरह के इंसान बनना चाहते हैं। बाकी चीजें धीरे-धीरे अपनी जगह बनाती जाएंगी।
बाकी किरदारों के साथ रहकर बहुत कुछ सीखने को मिला
मैंने कभी नहीं सोचा था कि ऐसा कुछ होगा। जब मैं अमेरिका में शूटिंग कर रहा था, तब मुझे एहसास हुआ कि वहां लगभग हर व्यक्ति ‘स्ट्रीट फाइटर’ गेम के बारे में जानता है। मैं खुद गेम नहीं खेलता था, क्योंकि मैं एथलीट था और मेरा ज्यादा समय खेलों में जाता था। लेकिन शायद खेलों की वजह से ही मुझे यह रोल मिला। मुझे लगता है कि मैंने पूरी जिंदगी इस पल के लिए खुद को तैयार किया था। मेहनत करते रहिए, जो मिलना होगा, वह आपके पास पहुंच ही जाएगा। मेरे लिए यह बहुत अलग अनुभव था। मैं करीब 45 दिन 50 सेंट के साथ रहा। इसके अलावा रोमन रेंस, जेसन मोमोआ और कोडी रोड्स जैसे लोगों के साथ काम करने का मौका मिला। ये ऐसे लोग हैं, जिन्होंने सिर्फ सफलता हासिल नहीं की, बल्कि सफलता से भी आगे जाकर अपनी जगह बनाई है। उनके साथ रहकर बहुत कुछ सीखने को मिला। रोमन मुझे पहले से पसंद थे, लेकिन उनके साथ काम करने के बाद मेरी पसंद और बढ़ गई। वह बहुत बड़े, फिट, दयालु और शांत इंसान हैं। उनमें ईमानदारी और सच्चाई जैसी कई खूबियां हैं।
वहां का अनुशासन सबके लिए बराबर है
मैंने पहली बार करीब 300 लोगों को एक साथ इतने अनुशासन के साथ काम करते देखा। वहां कोई अभिनेता देर से नहीं आता। हर व्यक्ति समय का पालन करता है। अगर कोई एक मिनट देर हो जाए, तो उसे फोन करके पूछा जाता है कि कहीं वह अस्पताल में तो नहीं है। ओवरटाइम का भी पूरा पैसा मिलता है। तकनीशियनों को पता होता है कि उनके समय की कीमत है। वहां के नियम बहुत सख्त हैं और इसी वजह से काम करने का तरीका भी काफी अलग है। हमें भी बहुत कुछ बदलने की जरूरत है। मैंने वहां देखा कि लोग नियमों का पालन करते हैं। भारत में भी हम नियमों का पालन करते हैं, लेकिन हमें थोड़ा और बेहतर होने की जरूरत है। छोटी-छोटी चीजों में बदलाव से बहुत फर्क पड़ सकता है।
यह भी पढ़े -केबीसी-18 में पुश्तैनी गांव का नाम सुनकर भावुक हुए अमिताभ बच्चन, लाइब्रेरी में देरी पर गांव वालों से मांगी माफी
खेल ने मुझे बहुत कुछ सिखाया है
यह सिर्फ गेम खेलने वालों के लिए नहीं है। भारत में गेम खेलने वालों की संख्या अमेरिका, जापान या चीन जितनी नहीं होगी, लेकिन यहां भी बहुत लोग इसे जानते हैं। फिल्म में गेम के किरदार, उनका स्वभाव और उनके लड़ने का तरीका उसी तरह दिखाया गया है। फिल्म में गेम की दुनिया को बहुत करीब से रखा गया है। कुछ चीजें देखने में बहुत असंभव लग सकती हैं, जैसे किसी का हाथ लंबा होना या आग निकलना, लेकिन उन्हें इस तरह बनाया गया है कि वे वास्तविक लगती हैं। यही फिल्म की खासियत है। खेल ने मुझे बहुत कुछ सिखाया है। हर खिलाड़ी अलग होता है। चाहे वह क्रिकेटर हो, किसी दूसरे खेल का खिलाड़ी हो या पहलवान, हर किसी की अपनी सोच और अनुशासन होता है। मेरे दोस्त, मेरे आसपास के लोग और जिनके साथ मैंने खेला, उन सभी ने मुझे बनाया है। मेरी भाषा, मेरा व्यवहार और मेरा नजरिया भी इसी माहौल से आया है।
हर चीज में अच्छा बनने की कोशिश करता था
मैं हर चीज में अच्छा बनने की कोशिश करता था। पढ़ाई में भी अच्छा करना था, खेलों में भी अच्छा करना था और अच्छा बच्चा भी बनना था। किसी एक चीज में शायद मैं सबसे आगे नहीं था, लेकिन हर चीज करने की आदत बन गई। आज की नई पीढ़ी में भी मैं यही देखता हूं कि उन्हें सब कुछ करना है। मैं भी ऐसा ही था और मुझे लगता है कि इसी वजह से आज मैं यहां हूं। मेरी जिंदगी मुझे एक फिल्म जैसी लगती है। जब काम ढूंढ रहा था, तब एक सीन था। फिर एक फिल्म मिली तो दूसरा सीन शुरू हुआ। इसके बाद एक के बाद एक कई सीन आते गए। आज का समय भी उसी फिल्म का एक सीन है। मैं हर सीन को बेहतर करने की कोशिश करता हूं। अगर कोई दिन खराब जाता है, तो मैं सोचता हूं कि आज का सीन खराब था, कल दूसरा सीन होगा। जिंदगी को भी इसी तरह देखना चाहिए।
विद्युत जामवाल के साथ फिल्म में नोआ सेंटिनियो, एंड्रयू कोजी, कलीना लियांग, रोमन रेंस अनोई, डेविड दस्तमलचियन, कोडी रोड्स, एंड्रयू शुल्ज, एरिक आंद्रे, ऑरविल पेक, ओलिवियर रिचटर्स, हिरूकी गोटो, रायना वैलैंडिंगहम, कर्टिस '50 सेंट' जैक्सन और जेसन मोमोआ भी मुख्य भूमिका में हैं। यह फिल्म 16 अक्टूबर को रिलीज होगी।
Created On :   5 Oct 2026 7:29 PM IST












