Mushtaq Khan Passes Away: फिल्म इंडस्ट्री में पसरा मातम, मशहूर अभिनेता मुश्ताक खान का 75 साल की उम्र में निधन

डिजिटल डेस्क, मुंबई। फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी हुई एक दुख भरी खबर सामने आई है। मशहूर अभिनेता मुश्ताक खान का निधन हो गया है। उन्होंने 'वेलकम', 'गदर', 'आशिकी', 'मुझसे शादी करोगी' और 'हम हैं राही प्यार के' जैसी कई फिल्मों में काम करके अपने दर्शकों का दिल जीता है। उन्होंने 75 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया है।
5 साल पहले हुआ था कैंसर
जानकारी के मुताबिक, पिछले 15 दिनों से मुश्ताक खान मुंबई के नानावती अस्पताल में भर्ती थे। वह काफी समय से कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे। बताया जा रहा है कि उन्हें करीब पांच साल पहले पता चला था कि उन्हें कैंसर हुआ है। लेकिन इस बीमारी ने हाल ही में वापसी कर ली और इसके चलते उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई। आजतक ने मुश्ताक खान के बिजनेस पार्टनर शिवम यादव के हवाले से बताया कि मुश्ताक खान का निधन हो गया है। यह खबर सामने आने के बाद फिल्म इंडस्ट्री और फैंस में शोक की लहर दौड़ गई।
यह भी पढ़े -'म्यूजिक वीडियोज ने एक्सपेरिमेंट करने की आजादी दी', 'बुखार' और 'जालिमा' गाने को मिल रहे प्यार पर बोलीं अविका गौर
परिवार में पत्नी और दो बच्चे
मुश्ताक खान के निधन के बाद अब उनके परिवार में उनकी पत्नी और दो बच्चे, बेटा मोहसिन खान और बेटी सबा खान हैं। मुश्ताक खान के बिजनेस पार्टनर ने बताया कि वे पिछले पांच सालों से फेफड़ों के कैंसर से ग्रस्त थे, जो हाल ही में फिर से लौट आया था। उन्होंने आगे बताया कि बीमारी का संक्रमण उनके लिवर तक पहुंच गया था। इसके बाद उनकी तबीयत तेजी से खराब होने लगी।
शूटिंग के दौरान तबीयत हुई खराब?
शिवम यादव आगे कहते हैं कि मुश्ताक दिल्ली में शूटिंग कर रहे थे। इस दौरान उनकी तबीयत खराब हो गई थी, इस वजह से उन्हें वापस मुंबई लाया गया। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनके बचने की उम्मीद बहुत कम बताई थी। हालांकि, परिवार और करीबी लोगों का मानना था कि वह जल्द ठीक हो जाएंगे। बताया जा रहा है कि वह बहुत कमजोर थे। इसके बाद भी सुबह तक लोगों से बातचीत कर रहे थे, लेकिन शाम तक उनकी जान नहीं बच पाई।
Created On :   24 Sept 2026 10:02 PM IST












