KVIC को जल्द मिल सकता है नया अध्यक्ष, पुनीत गोयल के नाम की चर्चा तेज

नई दिल्ली: केंद्र सरकार जल्द ही खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग (KVIC) के नए अध्यक्ष की नियुक्ति कर सकती है। शीर्ष सरकारी सूत्रों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के पुनीत गोयल का नाम इस पद के लिए सबसे आगे चल रहा है। सूत्रों का दावा है कि उनकी नियुक्ति से जुड़ी प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है और संसद सत्र समाप्त होने के बाद सरकार इस संबंध में कभी भी औपचारिक घोषणा कर सकती है।
खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग (KVIC), सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) मंत्रालय के अधीन कार्य करने वाली एक प्रमुख वैधानिक संस्था है। आयोग का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर सृजित करना, खादी एवं ग्रामोद्योग को प्रोत्साहित करना तथा कुटीर, लघु एवं पारंपरिक उद्योगों को वित्तीय एवं तकनीकी सहायता उपलब्ध कराना है।
वर्तमान में श्री मनोज कुमार गोयल जुलाई 2022 से KVIC के अध्यक्ष हैं। उनके कार्यकाल में खादी क्षेत्र ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। इस दौरान खादी उत्पादों की रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की गई, देश के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी खादी की पहुंच और मांग में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। आधुनिक विपणन, नवाचार और ब्रांडिंग के माध्यम से खादी को नई पहचान मिली तथा इसे स्थानीय उत्पाद से वैश्विक स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई।
सूत्रों के अनुसार, यदि पुनीत गोयल की नियुक्ति को अंतिम मंजूरी मिलती है, तो वे ऐसे समय में आयोग की कमान संभालेंगे जब KVIC ग्रामीण उद्यमिता, आत्मनिर्भर भारत और ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
हालांकि, केंद्र सरकार की ओर से अभी तक इस नियुक्ति को लेकर कोई आधिकारिक अधिसूचना या पुष्टि जारी नहीं की गई है। ऐसे में अंतिम निर्णय और औपचारिक घोषणा का इंतजार किया जा रहा है।
Created On :   6 Aug 2026 4:44 PM IST











