इकोनॉमी में सुस्ती, अक्टूबर में IIP 3.8% घटी, लगातार तीसरे महीने गिरावट

Factory output shrinks for third straight month in October
इकोनॉमी में सुस्ती, अक्टूबर में IIP 3.8% घटी, लगातार तीसरे महीने गिरावट
इकोनॉमी में सुस्ती, अक्टूबर में IIP 3.8% घटी, लगातार तीसरे महीने गिरावट

डिजिटल डेस्क, मुंबई। अर्थव्यवस्था में सुस्ती के संकेत दिखाते हुए औद्योगिक उत्पादन (IIP) निगेटिव जोन में बना हुआ है। अक्टूबर में औद्योगिक उत्पादन 3.8 प्रतिशत से कम हो गया। यानी पिछले साल की तुलना में इस बार देश में औद्योगिक उत्पादन की रफ्तार 3.8 फ़ीसदी धीमी पड़ गई है। एक साल पहले यानी अक्टूबर 2018 में IIP में 8.4 फीसदी की ग्रोथ दर्ज की गई थी। केंद्रीय सांख्यिकी कार्यालय (CSO) ने गुरुवार को ये आंकड़े जारी किए।

आईआईपी में निर्माण क्षेत्र 77 प्रतिशत से अधिक योगदान देता है। अक्टूबर 2018 के मुकाबले निर्माण क्षेत्र में अक्टूबर 2019 में 2.1 फ़ीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। एक साल पहले अक्टूबर 2018 में निर्माण क्षेत्र में 8.4 फीसदी की ग्रोथ दर्ज की गई थी। हालांकि पिछले महीने सितंबर 2019 के मुकाबले अक्टूबर में निर्माण क्षेत्र में थोड़ा सुधार देखा गया है। सितंबर 2019 में निर्माण क्षेत्र में 3.9 फीसदी की गिरावट देखी गई थी।

बिजली उत्पादन में भी अक्टूबर 2018 के मुकाबले अक्टूबर 2019 में 12.2 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। एक साल पहले इसी महीने में बिजली उत्पादन में 10.8 प्रतिशत की ग्रोथ देखी गई थी। महीने दर महीने के आधार पर अगर बिजली उत्पादन की तुलना की जाए तो इस क्षेत्र में बड़ी गिरावट आई है। सितंबर 2019 में इस क्षेत्र में 2.6 फीसदी की गिरावट देखी गई थी।

इसी तरह माइनिंग आउटपुट में पिछले साल की तुलना में अक्टूबर में 8 फीसदी की गिरावट रही। पिछले साल अक्टूबर में इसमें 7.3 फीसदी की बढ़ोतरी हुई थी। हालांकि पिछले महीने सितंबर 2019 के मुकाबले अक्टूबर में निर्माण क्षेत्र में थोड़ा सुधार देखा गया है। महीने दर महीने की बात की जाए तो सितंबर 2019 में इस क्षेत्र में 8.5 फीसदी की गिरावट देखी गई थी।

IIP में गिरावट का लगातार तीसरा महीना है। अक्टूबर से पहले सितंबर 2019 में आईआईपी में 4.3 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई थी। जबकि अगस्त में औद्योगिक उत्पादन में 1.1 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई थी। बता दें कि IIP वह सूचकांक है जिससे देश की अर्थव्यवस्था के विभिन्न क्षेत्रों का आंकलन किया जाता है। प्रमुख क्षेत्रों के आंकलन से पता चलता है कि देश में औद्योगिक उत्पादन की रफतार आखिर किस दिशा में और कितनी तेजी से बढ रही है।

Created On :   12 Dec 2019 2:28 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story