साइरस मिस्त्री फिर बनेंगे टाटा संस के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन, NCLAT का फैसला

NCLAT restores Cyrus Mistry as executive chairman of Tata Sons
साइरस मिस्त्री फिर बनेंगे टाटा संस के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन, NCLAT का फैसला
साइरस मिस्त्री फिर बनेंगे टाटा संस के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन, NCLAT का फैसला

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। नेशनल कंपनी लॉ अपीलेट ट्रिब्यूनल (NCLAT) ने बुधवार को टाटा संस के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन के रूप में साइरस मिस्त्री की बहाली के आदेश दिए हैं। NCLAT ने समूह के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन के रूप में एन चंद्रशेखरन की नियुक्ति को भी अवैध माना। हालांकि मिस्त्री की बहाली का आदेश चार सप्ताह बाद ऑपरेशनल होगा। यह अवधि टाटा समूह को NCLAT के फैसले के खिलाफ अपील करने की अनुमति देगी।

NCLAT की दो सदस्यीय बेंच ने मिस्त्री और दो निवेश फर्मों की ओर से दायर याचिका पर ये फैसला सुनाया। अपीलेट ट्रिब्यूनल ने इस मामले में मैराथन सुनवाई पूरी करने के बाद इस साल जुलाई में अपना आदेश सुरक्षित रख लिया था। मिस्त्री कैंप ने NCLT की मुंबई बेंच के 9 जुलाई के आदेश को चुनौती दी थी जिसमें टाटा संस के चेयरमैन के रूप में उनके निष्कासन के खिलाफ याचिका खारिज कर दी गई थी। 

मिस्त्री ने अपनी दलीलों में मुख्य रूप से कहा था कि उनका निष्कासन कंपनी अधिनियम के अनुसार नहीं था। उन्होंने टाटा सन्स के मैनेजमेंट में खामियों और रतन टाटा के दखल का आरोप भी लगाया था। इसके बाद मिस्त्री ने खुद फैसले के खिलाफ अपील की थी।

रतन टाटा के रिटायरमेंट की घोषणा के बाद मिस्त्री ने 2012 में टाटा संस के छठे चेयरमैन के रूप में पद संभाला था। 24 अक्टूबर 2016 में उन्हें पद से हटा दिया गया था और रतन टाटा अंतरिम चेयरमैन बनाए गए थे। 19 दिसंबर 2016 को मिस्त्री ने टाटा ग्रुप की सभी कंपनियों के डायरेक्टर पद से इस्तीफा दे दिया था। 12 जनवरी 2017 को एन चंद्रशेखरन टाटा सन्स के चेयरमैन बनाए गए थे। 

साइरस मिस्त्री को चेयरमैन पद से हटाते हुए टाटा ग्रुप ने कहा था कि "बोर्ड उनके प्रति विश्वास खो चुका है। ग्रुप ने आरोप लगाया था कि मिस्त्री ने जानबूझकर और कंपनी को नुकसान पहुंचाने की नीयत से संवेदनशील जानकारी लीक की। इसकी वजह से ग्रुप की मार्केट वैल्यू में बड़ा नुकसान हुआ।

इस खबर के सामने आने के बाद टाटा समूह की प्रमुख कंपनियों- टाटा मोटर्स का शेयर बीएसई पर 3.05 प्रतिशत फिसलकर 174.70 रुपये पर बंद हुआ, जबकि टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) 0.07 प्रतिशत बढ़कर 2,167.25 रुपये पर बंद हुआ और टाटा स्टील 1.16 प्रतिशत बढ़कर 444.60 रुपये पर बंद हुआ। टाटा ग्लोबल बेवरेजेज 4.14% नुकसान के साथ 311.80 रुपए पर बंद हुआ।

Created On :   18 Dec 2019 12:12 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story