Petrol- Diesel Price: कच्चे तेल की कीमतें 113 डॉलर के पार पहुंची, कितने बढ़े पेट्रोल- डीजल के दाम?

कच्चे तेल की कीमतें 113 डॉलर के पार पहुंची, कितने बढ़े पेट्रोल- डीजल के दाम?
लेटेस्ट अपडेट के अनुसार, आज (19 मार्च 2026) की सुबह ब्रेंट क्रूड ऑयल 113.74 डॉलर प्रति बैरल के पार कारोबार करता नजर आया।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ईरान- इजराइल जंग का सबसे बड़ा असर कच्चे तेल की कीमतों पर देखने को मिल रहा है। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल के दाम 113 डॉलर के पार जा पहुंचे हैं। हालांकि, देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों (Petrol Diesel Prices) पर कोई असर अब नहीं हुआ है। आज (19 मार्च 2026, बुधवार) सुबह सरकारी तेल विपणन कंपनियों (इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम) ने ईंधन के ताजा रेट जारी कर दिए हैं, जिनमें कोई बदलाव नहीं किया गया। हालांकि, अलग- अलग राज्यों में भिन्न टैक्स सहित लोकल बॉडी टैक्स के चलते इनकी कीमतों में मामूली बदलाव देखने को मिला है। आपके शहर में कितने बदल गए ईंधन के रेट? आइए जानते हैं...

इन शहरों में हुआ मामूली बदलाव

गुड रिटर्न वेबसाइट पर दी गई ईंधन की कीमतों के अनुसार, आज पटना में पेट्रोल 58 पैसे बढ़कर 106.12 रुपए और डीजल 54 पैसे महंगा होकर 92.32 रुपए प्रति लीटर हो गया है। वहीं नोएडा में पेट्रोल 16 पैसे बढ़कर 94.90 रुपए और डीजल 20 पैसे महंगा होकर 88.01 रुपए प्रति लीटर हो गया है। जबकि, गुड़गांव में पेट्रोल 49 पैसे कम होकर 95.36 रुपए और डीजल 47 पैसे घटकर 87.83 रुपए प्रति लीटर हो गया है। जयपुर में भी पेट्रोल 49 पैसे कम होकर 104.72 रुपए और डीजल 44 पैसे घटकर 90.21 रुपए प्रति लीटर हो गया है। लखनऊ में भी पेट्रोल 15 पैसे कम होकर 94.69 रुपए और डीजल 17 पैसे घटकर 87.81 रुपए प्रति लीटर हो गया है।

महानगरों में क्या हैं पेट्रोल की कीमत?

आज देश की राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 94.77 रुपए और डीजल 87.67 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है। वहीं आर्थिक राजधानी मुंबई में पेट्रोल की कीमत 103.44 रुपए, तो एक लीटर डीजल 89.97 रुपए में उपलब्ध है। इसी तरह कोलकाता में एक लीटर पेट्रोल 104.95 रुपए में उपलब्ध है, जबकि यहां डीजल 91.76 प्रति लीटर है। चेन्नई में भी आपको एक लीटर पेट्रोल के लिए 101.03 रुपए चुकाना होंगे, वहीं यहां डीजल की कीमत 92.61 रुपए प्रति लीटर है।

कच्चे तेल की कीमत

बात करें कच्चे तेल की कीमतों की तो इसमें बीते दिन की तुलना में जबरदस्त तेजी देखने को मिली है। लेटेस्ट अपडेट के अनुसार, आज (19 मार्च 2026) की सुबह ब्रेंट क्रूड ऑयल 113.74 डॉलर प्रति बैरल के पार कारोबार करता नजर आया। जबकि, इससे पहले कच्चे तेल कीमत 101.91 डॉलर प्रति बैरल के पार थी।

Created On :   19 March 2026 10:46 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story