- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अकोला
- /
- चिखली-खामगांव रोड पर एसटी बस और...
हादसा: चिखली-खामगांव रोड पर एसटी बस और ट्रक की आमने-सामने भीषण टक्कर, चालक की मौत - 6 यात्री घायल

Akola News. चिखली-खामगांव मार्ग पर बोरगांव वसू मोड़ के पास शुक्रवार दोपहर एसटी बस और टिप्पर के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टिप्पर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर बीच से फट गया और उसका चालक केबिन में फंस गया। गंभीर चोटों के कारण चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एसटी बस में सवार छह यात्री घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस का कंडक्टर भी घायल हुआ है, जिसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, छत्रपति संभाजीनगर-देऊलगांव राजा-जालना-चिखली-खामगांव-अकोला मार्ग पर चलने वाली एसटी बस क्रमांक एमएच 14 एमटी 9938 और सामने से आ रहे टिप्पर क्रमांक एमएच 28 एबी 8228 के बीच शुक्रवार दोपहर करीब 4.50 बजे जोरदार टक्कर हुई।
यह भी पढ़े -विश्व आदिवासी दिवस के जुलूस में बवाल, यातायात व्यवस्था को लेकर बंदोबस्त पर तैनात पीएसआई पर हमला
टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टिप्पर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और केबिन में चालक फंस गया। मृतक टिप्पर चालक की पहचान सचिन वाघ, निवासी संभाजीनगर, चिखली के रूप में हुई है। टिप्पर के मालिक बालू जाधव, निवासी हातनी, तहसील चिखली बताए गए हैं। एसटी बस का चालक बालू खेडकर संभाजीनगर डिपो का है।
इन यात्रियों का समावेश
हादसे में घायल यात्रियों में गजानन चैत्ररामजी चरवे, सविता गजानन चरवे (दोनों निवासी संभाजीनगर), जीवन पंजाबराव काले (अनंतनाग, अकोला), सुरेश दुर्गाप्रसाद जोशी (शिर्डी), चांद बी रमजान बेनिवाले और जमीला यूनुस मोरवाले (दोनों निवासी अकोला) का समावेश है। बस का कंडक्टर भी दुर्घटना में घायल हुआ है। उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह भी पढ़े -तबादला प्रक्रिया में कार्रवाई : सुनवाई के दायरे में 187 शिक्षक, अकोला जिला परिषद स्कूलों के 33 शिक्षक निलंबित
कितने यात्री सवार थे, स्पष्ट नहीं
बस में सवार यात्रियों की कुल संख्या फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। टिकट मशीन कंडक्टर के पास होने के कारण हादसे के बाद बस में कुल कितने यात्री सवार थे, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटना किस कारण हुई और दोनों वाहनों की टक्कर किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता पुलिस की जांच के बाद ही चल सकेगा।
Created On :   28 Aug 2026 10:21 PM IST












