आंदोलन: अमरावती मनपा के 700 कर्मचारी हड़ताल पर , कार्यालय में छाया रहा सन्नाटा

अमरावती मनपा के 700 कर्मचारी हड़ताल पर ,  कार्यालय में छाया रहा सन्नाटा
  • विभिन्न मांगों को तत्काल पूरा करने अड़े
  • मुख्य प्रवेश द्वार पर नारेबाजी कर दिया धरना
  • जनता के जरूरी काम अटके , हो रहे हैं परेशान

डिजिटल डेस्क, अमरावती। मनपा के सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग की बकाया रकम की दूसरी किश्त (प्रति 10 हजार रुपए) तत्काल देने, शासन निर्णय के अनुसार महंगाई भत्ता 38 प्रतिशत से बढ़कर 42 प्रतिशत करन व उसकी पांच महीने की बकाया राशि के साथ 42 से 46 प्रतिशत हुए महंगाई भत्ते के कुल चार महीने की बकाया राशि देने की मांग को लेकर मनपा के लगभग 700 कर्मचारियों ने मंगलवार 14 मई से कामबंद आंदोलन शुरू किया है। जिसके चलते मनपा के समूचा कामकाज ठप्प होकर रह गया। हड़ताली कर्मचारियों ने मनपा के प्रवेश द्वार पर नारेबाजी की और अपनी मांगे तत्काल पूर्ण करने की मांग की।

गौरतलब है कि अमरावती मनपा में कार्यरत अधिकारी, कर्मचारी व सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पिछले कई दिनों से लंबित आर्थिक मांगों की पूर्तता को लेकर प्रशासन से चल रहा संघर्ष थमने का नाम नहीं ले रहा है। मनपा कर्मचारी कामगार संघ ने अपनी बकाया रकम 8 मई तक देने की मांग प्रशासन से की थी। किंतु प्रशासन ने केवल डेढ़ करोड़ रुपए की रकम कर्मचारियों को अदा की है। जिसमें सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनकी बकाया रकम नहीं मिली। कर्मचारियों के मुद्दें पर सोमवार को दोपहर 4 बजे निगमायुक्त देवीदास पवार के कक्ष में बैठक हुई। लेकिन लिखित आश्वासन के बाद भी निगमायुक्त ने कहा कि बकाया रकम देने फिलहाल उनके पास पैसे नहीं। जिससे कर्मचारी कामगार महासंघ ने हड़ताल पर कायम रहने का निर्णय लिया और मंगलवार से आंदोलन शुरू किया। इस आंदोलन के चलते मनपा के सभी विभागों का कामकाज ठप्प हो गया।

अटके अनेक जरूरी काम : मई माह आधा बीत चुका है। जून माह में मानसून दस्तक देगा। मनपा आयुक्त देवीदास पवार ने सोमवार को ही बैठक लेकर मानसून पूर्व तैयारी का जायजा लिया। मनपा क्षेत्र में अनेकों जर्जर इमारतें है। उन पर कार्रवाई अभी तक नहीं हो पाई है। अब मनपा कर्मचारियों की हड़ताल जितने दिन चलेगी तब तक यह मामला लंबित पड़ा रहेगा। इसके अलावा वर्तमान में विद्यार्थियों के प्रवेश के लिए अनेकों को जन्म तारिख के दाखिले की जरूरत है। लेकिन हड़ताल में विभाग के कर्मचारी भी शामिल हो जाने से अनेकों विद्यार्थियों के प्रवेश जन्म तिथि के दाखिले के चलते रुक सकते है। जिससे अनेकों का नुकसान होने की भी संभावना है।


Created On :   15 May 2024 7:19 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story