Amravati News: अमरावती के गवलीपुरा से जुड़ा है ड्रग्स नेटवर्क, 11 और नाम आए सामने

अमरावती के गवलीपुरा से जुड़ा है ड्रग्स नेटवर्क, 11 और नाम आए सामने
साईं नगर में एमडी जब्त मामले में आरोपी ने किया खुलासा

Amravati News शहर में एमडी ड्रग्स के खिलाफ चल रही पुलिस कार्रवाई के बीच अपराध शाखा ने एक बार फिर खुलासा किया है। साईनगर क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने 3 लाख 52 हजार 750 रुपए कीमत की 23.530 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की थी। जांच में सामने आया है कि यह ड्रग्स नागपुरीगेट थाना क्षेत्र के गवलीपुरा इलाके से सप्लाई की गई थी।

जानकारी के अनुसार, अपराध शाखा की टीम ने बेनाम चौक स्थित एक चाय-नाश्ते की दुकान पर छापा मारकर महेश राजू खोडे (26, समर्थवाड़ी, साई नगर) को गिरफ्तार किया था। तलाशी के दौरान उसके पास से एमडी ड्रग्स बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसे यह मादक पदार्थ गवलीपुरा निवासी शेख फईम उर्फ सोनू शेख रहीम ने उपलब्ध करायी थी।

इसके बाद पुलिस ने पूरे नेटवर्क की जांच शुरू की, जिसमें शेख नईम उर्फ राजा शेख रहीम, मोहम्मद आमिर कुरैशी, मोहम्मद समीर, आकीब जावेद, गोलू अहमद कुरैशी, सोहेल फिरोज खान (छाया नगर), शेख मोहसीन (पठान चौक), साहिल राजेश मेहरा (अकोली) और अशोक पंजाबराव वालके (गोपाल नगर) समेत कुल 11 आरोपियों के नाम सामने आए हैं। आरोपी ने यह भी कबूल किया कि उसने साहिल मेहरा और अशोक वालके के साथ मिलकर गवलीपुरा से एमडी लाकर साईंनगर में सप्लाई की थी। पुलिस ने इस मामले में राजापेठ थाने में अपराध दर्ज कर सभी आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि ढाई महीनों में ही करीब 7 किलो एमडी जब्त की जा चुकी है, जिसमें अधिकतर आरोपी गवलीपुरा क्षेत्र से जुड़े पाए गए हैं। इसके बावजूद इस इलाके से ड्रग्स सप्लाई जारी रहने और स्थानीय नागपुरीगेट पुलिस को इसकी भनक तक न लगने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।


Created On :   19 March 2026 2:50 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story