- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अमरावती
- /
- कपास खरीदी बंद होने से अमरावती...
Amravati News: कपास खरीदी बंद होने से अमरावती संभाग के 40 हजार किसान संकट में

Amravati News केंद्र सरकार की एजेंसी कॉटन कार्पोरेशन ऑफ इंडिया (सीसीआई) के माध्यम से राज्य में घोषित शासकीय कपास खरीदी प्रक्रिया में आई बाधाओं के कारण अमरावती विभाग के करीब 40 हजार कपास उत्पादक किसान गंभीर आर्थिक संकट में फंस गए हैं। अमरावती की विधायक सुलभा संजय खोडके ने राज्य विधानसभा में औचित्य के मुद्दे के जरिए कपास खरीदी की अंतिम तिथि 30 अप्रैल 2026 तक बढ़ाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि खरीदी केंद्रों की कमी, पंजीयन प्रक्रिया में विलंब, मनुष्यबल का अभाव तथा भंडारण व्यवस्था न होने के कारण हजारों किसानों का कपास माल अब भी घरों में पड़ा है।
कम दाम पर कपास बेचने को मजबूर प्रारंभ में कपास खरीदी की अंतिम तिथि 27 फरवरी तय की गई थी, जिसे बाद में 15 मार्च तक बढ़ाया गया। हालांकि इसके बाद स्लॉट बुकिंग शुरू किए बिना ही खरीदी बंद कर दी गई, जिससे किसानों को निजी व्यापारियों को एमएसपी से 500 से 700 रुपये कम दर पर कपास बेचने की मजबूरी हो रही है। इससे किसानों की आर्थिक लूट होने की स्थिति पैदा हो गई है।
विधायक खोडके ने बताया कि भंडारण के लिए गोदाम उपलब्ध न होने तथा घरों में नमी और संभावित बारिश से माल खराब होने की आशंका के कारण किसान दबाव में कम कीमत पर बिक्री कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से तत्काल अतिरिक्त खरीदी केंद्र, आवश्यक पायाभूत सुविधाएं तथा प्रभावी व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की। विधानसभा के बजट सत्र के दौरान खोडके ने कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग, खेल, संचार, सुरक्षा और महिला विकास से जुड़े मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए। कपास उत्पादक किसानों को न्याय दिलाने के लिए सरकार से त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा जताई गई है।
Created On :   19 March 2026 2:13 PM IST















