Amravati News: नवजात बच्ची की बिक्री मामले में एजेंट नर्स पुलिस के रडार पर

  • भोजने नर्सिंग होम के डॉक्टर, नर्स और अन्य कर्मचारियों के बयान होंगे दर्ज
  • कंप्यूटर, डीवीआर और रजिस्टर की जांच में सामने आया नर्स का नाम
  • अवैध गर्भलिंग निदान और गर्भपात के एंगल से भी जांच जारी

Amravati News राजापेठ परिसर के बूटी प्लॉट स्थित भोजने नर्सिंग होम में नाबालिग की प्रसूति कराने और उसकी नवजात बच्ची को 3.50 लाख रुपये में बेचने के मामले में जांच के दौरान नए खुलासे हो रहे हैं। शुक्रवार को सामने आया कि अस्पताल में पिछले 3 साल से कार्यरत एक नर्स कथित तौर पर नौकरी के साथ डॉक्टर दंपति के लिए एजेंट के रूप में भी काम कर रही थी। इसके बाद पुलिस अब अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सों और अन्य कर्मचारियों के बयान दर्ज करने की तैयारी कर रही है। पुलिस को आशंका है कि अस्पताल में इससे पहले भी कई नाबालिग लड़कियों की गुपचुप तरीके से प्रसूति कराई गई हो सकती है।

जानकारी के अनुसार, मामला दर्ज होने के बाद से भोजने दंपति फरार है। पुलिस की अलग-अलग टीमें उनकी तलाश कर रही हैं। अस्पताल से जब्त कंप्यूटर की हार्ड डिस्क, डीवीआर, रजिस्टर और अन्य दस्तावेजों की जांच के दौरान एक महिला नर्स का नाम सामने आया है। पुलिस को मिली गोपनीय जानकारी के अनुसार, उक्त नर्स अपने संपर्कों के जरिए गर्भवती नाबालिग लड़कियों का पता लगाती थी और उन्हें प्रसूति के लिए अस्पताल लाती थी। इसके बदले भोजने दंपति उसे अलग से कमीशन देते थे। पुलिस इस जानकारी की पुष्टि करने में जुटी है।

मरीजों और नवजातों का रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस : पुलिस अब अस्पताल में भर्ती और डिस्चार्ज हुए मरीजों का विवरण, नवजात बच्चों से संबंधित रिकॉर्ड और संबंधित लोगों के संपर्कों की पड़ताल कर रही है। जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि अस्पताल में इस तरह के अन्य मामले भी हुए थे या नहीं। इसके लिए अस्पताल में कार्यरत डॉक्टरों, नर्सों और अन्य कर्मचारियों के बयान दर्ज किए जाएंगे।

अवैध गर्भलिंग निदान की आशंका की भी जांच : उल्लेखनीय है कि अवैध गर्भलिंग निदान के मामले में वर्ष 2018 में मनपा के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विशाल काले ने भोजने नर्सिंग होम को सील किया था। अब नवजात बच्ची की कथित खरीद-फरोख्त का मामला सामने आने के बाद पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि अस्पताल में अवैध गर्भलिंग निदान या गर्भपात जैसी गतिविधियां तो नहीं की जा रही थीं। पुलिस जब्त दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड की जांच के साथ फरार भोजने दंपति की तलाश में जुटी है।


Created On :  

Tags

Next Story