Amravati News: पुरानी टंकियों को नई दिखा कर निकाल लिए बिल ,कई गांवों की जलापूर्ति पड़ी ठप

पुरानी टंकियों को नई दिखा कर निकाल लिए बिल ,कई गांवों की जलापूर्ति पड़ी ठप
जलजीवन मिशन में भ्रष्टाचार का आरोप

Amravati News जिले के मेलघाट क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति विभाग की जल जीवन मिशन योजना में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार के आरोप युवक कांग्रेस व ग्रामीणों ने लगाए हैं। विभिन्न गांवों में योजना के तहत किए गए कार्यों में अनियमितताएं उजागर होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। कई गांवों में पानी की टंकियां बंद पड़ी हैं और योजना केवल कागजों तक सीमित रह गई है। इससे "हर घर नल, हर नल में जल" की संकल्पना पूरी तरह विफल होती नजर आ रही है।

जानकारी के अनुसार, चिखलदरा तहसील के सुमिता गांव में पुरानी पानी की टंकी की मरम्मत कर उसे नई दिखाते हुए बिल निकालने का मामला सामने आया है। वहीं हिलड़ा गांव में बिना विद्युत कनेक्शन के ही विद्युत पंप स्थापित कर दिया गया। इससे पानी आपूर्ति पूरी तरह बंद पड़ी है। इसी तरह पीपल्या गांव में पिछले दो वर्षों से नल तो लगाए गए लेकिन उनमें अब तक पानी नहीं पहुंचा है। कई गांवों हिलड़ा, बोरद्या, पीपल्या, सुमिता, खारी, टेंभरू, एकताई, भांडूम, सालीता, खुटीदा, राहू और चोबिता में मोटर पंप की संख्या कागजों में दो दिखाई गई, जबकि वास्तविकता में केवल एक ही लगाया गया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि अनुमानित बजट के अनुसार कहीं भी कार्य पूर्ण नहीं किए गए हैं और ठेकेदारों को मिलीभगत से काम दिए जा रहे हैं। पानी की कमी के नाम पर मोटर पंप, बोरवेल, कुएं की मरम्मत और पाइपलाइन कार्य बिना किए ही करोड़ों रुपए के बिल निकाले गए। ग्रामीणों ने मांग की है कि पूरे मेलघाट क्षेत्र में जल जीवन मिशन के कार्यों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और पानी संकट झेल रहे गांवों को न्याय दिलाया जाए।

कार्रवाई न हुई तो आंदोलन : इस मामले को लेकर युवक कांग्रेस ने सख्त रुख अपनाया है। पूरे मामले को सबूतों के साथ उजागर करेंगे और प्रशासन ने तत्काल जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की, तो संगठन की ओर से तीव्र आंदोलन किया जाएगा।- राहुल येवले, जिला अध्यक्ष युकां


Created On :   20 March 2026 3:31 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story