Badamalhra news: नैनागिरि के 3 जैन मंदिरों में चोरी एवं अबार माता मंदिर में चोरी का प्रयास करने वाला 10 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार

नैनागिरि के 3 जैन मंदिरों में चोरी एवं अबार माता मंदिर में चोरी का प्रयास करने वाला 10 हजार का इनामी बदमाश  गिरफ्तार
इनामी बदमाश गिरफ्तार

डिजिटल न्यूज़ बड़ामलहरा

क्षेत्र के जैन तीर्थ स्थल नैनागिरि चोरी एवं अबार माता मंदिर में चोरी का प्रयास करने के मामले में इनामी बदमाश को गिरफ्तार करने में पुलिस ने सफलता हासिल की है। पकड़े गए चोरी के आरोपी के कब्जे से नगदी के अलावा चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित अन्य सामग्री भी पुलिस ने बरामद की है। हासिल जानकारी के मुताबिक बड़ामलहरा पुलिस अनुविभाग के बक्सवाहा थाना इलाकाई नैनागिरि जैन मंदिर परिसर में माह सितंबर 2023 में गिरिराज मंदिर प्रांगण से, माह जुलाई 2025 में चौबीसी जिनालय मंदिर से एवं माह जुलाई 2026 में समोशरण मंदिर से चोरी संबंधी घटनाओं पर पृथक-पृथक अपराध पंजीबद्ध किए गए थे। एसपी छतरपुर द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी हेतु 10 हजार के इनाम की घोषणा की गई थी। एसपी रजत सकलेचा द्वारा उक्त प्रकरणों सहित जिले में घटित अन्य चोरी की घटनाओं की निरंतर मॉनिटरिंग करते हुए आरोपियों की धरपकड़ एवं चोरी की घटनाओं के शीघ्र खुलासे हेतु संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए थे। पिछले दिनों चौकी रामटौरिया, थाना बमनौरा क्षेत्र अंतर्गत धार्मिक स्थल अबार माता मंदिर में चोरी के प्रयास एवं मारपीट संबंधी प्रकरण में एक आरोपी को पकड़ा गया था। पुलिस टीम द्वारा आरोपी से सख्ती से पूछताछ की गई तथा भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्यों तथा एकत्रित सूचनाओं के आधार पर आरोपी की थाना बक्सवाहा क्षेत्र अंतर्गत नैनागिर मंदिर परिसर के 3 मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं में संलिप्तता सामने आई। पुलिस टीम द्वारा आरोपी देवी सिंह यादव पिता नंदलाल यादव, निवासी ग्राम झारई, थाना बहरोल, जिला सागर को हिरासत में लेकर पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा थाना बमनौरा अंतर्गत अबार माता मंदिर में चोरी के प्रयास के साथ-साथ थाना बक्सवाहा क्षेत्र अंतर्गत नैनागिर मंदिर परिसर के 3 मंदिरों में चोरी तथा सागर जिले में अन्य चोरी की घटनाओं को अंजाम देना कबूल किया है। बताया गया है आरोपी के कब्जे से नगद राशि एवं चोरी की वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, कटर मशीन, प्लास, ब्लेड व अन्य सामग्री बरामद की गई हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी के विरुद्ध थाना बहरोल, जिला सागर में हत्या एवं मारपीट, छतरपुर जिले के थाना बक्सवाहा, थाना बमनौरा में चोरी, चोरी का प्रयास व मारपीट सहित कुल 7 अपराध दर्ज है। उक्त कार्यवाही में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बक्सवाहा निरीक्षक प्रशांत सेन, थाना प्रभारी बमनौरा उपनिरीक्षक अभिषेक पांडेय, चौकी प्रभारी बम्हौरी एवं जगन्नाथ यादव की भूमिका रही।

Created On :   13 Aug 2026 2:19 PM IST

Tags

Next Story