- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- बालाघाट
- /
- नशे की जड़ तक पहुंची बालाघाट पुलिस,...
Balaghat news: नशे की जड़ तक पहुंची बालाघाट पुलिस, ओडिशा में गांजा की खेती करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल न्यूज़ बालाघाट
नशे के कारोबार के खिलाफ चल रही कार्रवाई में बालाघाट पुलिस ने अब तस्करी के साथ गांजा की खेती के स्रोत तक पहुंच बनाई है। चांगोटोला थाने में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद मिले सुराग के आधार पर पुलिस की विशेष टीम ने ओडिशा में दबिश दी। यहां गांजा की खेती करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 12 किलो अवैध गांजा और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए।
रिमांड में पूछताछ से मिला ओडिशा कनेक्शन
पुलिस के अनुसार चांगोटोला थाने में अपराध क्रमांक 76/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज है। इस मामले में पूर्व में गिरफ्तार जयकुमार नायक, दुलामनी गुआल और महेन्द्र मलिक को पुलिस रिमांड पर लेकर गांजा तस्करी के संबंध में पूछताछ की गई। पूछताछ में ओडिशा में गांजा सप्लाई और खेती करने वालों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
बौध जिले के गांव में दबिश
सुराग मिलने के बाद बालाघाट पुलिस की विशेष टीमें ओडिशा रवाना हुईं। टीम ने आरोपी महेन्द्र मलिक की निशानदेही पर ग्राम सिगाड़ी, जिला बौध में दबिश देकर गांजा की खेती से जुड़े सुरेश वारिक (39), निवासी पुरैना, जिला बरगढ़ और सुदमचरण उर्फ राजू महानंदा (38), निवासी समरपली, जिला बरगढ़ को गिरफ्तार किया।
6.17 लाख का माल जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 किलो गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 6 लाख रुपए है, और दो मोबाइल फोन, कीमत करीब 17 हजार रुपए जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार जब्त मशरुके की कुल कीमत करीब 6.17 लाख रुपए है।
सप्लाई नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
ओडिशा से गिरफ्तार दोनों आरोपियों को बालाघाट लाकर न्यायालय में पेश किया गया। इनमें से सुदमचरण उर्फ राजू महानंदा को पुलिस रिमांड पर लिया गया है। उससे गांजा की सप्लाई किसके माध्यम से की जाती थी, बालाघाट सहित अन्य क्षेत्रों में किन लोगों को इसकी आपूर्ति होनी थी और इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग जुड़े हैं, इसे लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का फोकस अब गांजा की खेती से लेकर सप्लाई और वितरण नेटवर्क में शामिल अन्य आरोपियों तक पहुंचने पर है।
Created On :   9 Sept 2026 1:23 PM IST












