हड़कंप: न्यायालय में आरोपी ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्महत्या का प्रयास, वकीलों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

न्यायालय में आरोपी ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्महत्या का प्रयास, वकीलों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
  • न्यायालय परिसर में मची अफरा-तफरी, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
  • वकीलों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
  • माचिस जलाने से पहले आरोपी को पकड़ा

डिजिटल डेस्क, बीड। अंबाजोगाई के प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी न्यायालय में गुरुवार दोपहर न्यायिक कार्यवाही के दौरान एक आरोपी ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना से न्यायालय परिसर में हड़कंप मच गया। हालांकि, मौके पर मौजूद वकीलों की सतर्कता और सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। इस मामले में अंबाजोगाई शहर पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। न्यायालय क्रमांक-1 में नियमित फौजदारी मामले की सुनवाई चल रही थी। मामले का आरोपी विलास कुंडलिक घुगे (निवासी लाडेवडगांव, तहसील केज) अपने बेटे और वकीलों के साथ न्यायालय में मौजूद था।

आरोपी ने आरोप लगाया कि इसी मामले का शिकायतकर्ता उसकी पत्नी के बारे में गांव में आपत्तिजनक बातें कर रहा है। उसने शिकायतकर्ता को तुरंत न्यायालय में बुलाने की मांग की। इसके बाद आरोपी ने धमकी दी कि यदि शिकायतकर्ता को तत्काल नहीं बुलाया गया तो वह आत्महत्या कर लेगा।

इसके बाद उसने जेब से पेट्रोल की बोतल निकाली और न्यायालय में कार्यवाही के दौरान अपने शरीर पर पेट्रोल डाल लिया। घटना की जानकारी मिलते ही सरकारी वकील वाघमारे ने पुलिस निरीक्षक शरद जोगदंड को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल न्यायालय पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लिया।

आरोपी के पेट्रोल डालने के बाद जैसे ही उसने जेब से माचिस निकाली, न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वहां मौजूद अधिवक्ता आई. ए. गवली ने तुरंत दौड़कर आरोपी को पकड़ लिया। वहीं एस. एम. वाघमारे ने उसके हाथ से माचिस छीन ली। अन्य वकीलों ने भी आरोपी को शांत करने का प्रयास किया। वकीलों की तत्परता से बड़ी दुर्घटना टल गई।

इस मामले में दिवानी कनिष्ठ स्तर न्यायालय के सहायक बालाजी चाटे की शिकायत पर अंबाजोगाई शहर पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Created On :   2 Oct 2026 7:15 PM IST

Tags

Next Story