आत्मघाती कदम: पत्नी की हत्या के बाद पति ने खेत में खुद को जलाकर दी जान!, खेत में मिला पूरी तरह जला हुआ शव

पत्नी की हत्या के बाद पति ने खेत में खुद को जलाकर दी जान!, खेत में मिला पूरी तरह जला हुआ शव
  • शव की पहचान की पुष्टि के लिए पुलिस कर रही जांच
  • पत्नी की हत्या के बाद से फरार था आरोपी विष्णु कदम

डिजिटल डेस्क, बीड़। पत्नी की हत्या करने के बाद फरार हुए पति ने आत्महत्या कर ली। शिरूर कासार तहसील के आनंदवाड़ी गांव में आरोपी के खेत में एक शख्स का पूरी तरह जला हुआ शव मिला। प्रारंभिक जांच के अनुसार, शव आरोपी विष्णु कदम का बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने अभी उसकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आनंदवाड़ी निवासी भीवसाबाई विष्णु कदम उम्र 57 साल की सोमवार तड़के उनके घर में सिर पर पत्थर मारकर हत्या कर दी गई थी। पत्नी के कथित अवैध संबंधों में बाधा बनने के संदेह में पति ने इस वारदात को अंजाम दिया था। सोमवार रात आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद पुलिस की 2 टीमें उसकी तलाश में जुटी थीं।

इसी बीच 17 नवंबर की रात करीब 9 बजे विष्णु कदम के खेत में आग लगने की सूचना मिली। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच की तो वहां एक व्यक्ति का शव पूरी तरह जली हुई अवस्था में मिला। पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि यह शव फरार आरोपी विष्णु कदम का है। हालांकि, शव बुरी तरह जलकर खाक हो जाने के कारण उसकी पहचान की पुष्टि के लिए जांच की जा रही है।

गांव में चर्चा है कि पत्नी की हत्या करने के बाद पछतावे के चलते पति ने भी आत्महत्या कर ली होगी। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। एक ही परिवार में हुई इन 2 घटनाओं से आनंदवाड़ी गांव में सनसनी फैल गई है। पूरे इलाके में शोक और चिंता का माहौल है। पुलिस शव की पहचान और आरोपी की मौत के कारणों की जांच कर रही है।

Created On :  

Tags

Next Story