भुखमरी का खतरा!: गेवराई में सूखे की मार से गोशालाओं पर गहराया संकट, चारे-पानी की व्यवस्था करना संचालकों के लिए बनी चुनौती

गेवराई में सूखे की मार से गोशालाओं पर गहराया संकट, चारे-पानी की व्यवस्था करना संचालकों के लिए बनी चुनौती
  • सरकार से प्रति पशु प्रतिदिन 100 रुपये अनुदान देने की मांग
  • 6 गोशालाओं में सैकड़ों गायों के सामने भुखमरी का खतरा

डिजिटल डेस्क, बीड। गेवराई तहसील में इस साल औसत से करीब 25 प्रतिशत कम बारिश होने के कारण खेती के साथ-साथ पशुधन पर भी सूखे का संकट गहराने लगा है। नवंबर महीने में ही कई गांवों में पीने के पानी की भारी किल्लत महसूस होने लगी है। अब सूखे की मार गोशालाओं पर भी पड़ रही है। तहसील की 6 गोशालाओं में मौजूद सैकड़ों गायों के लिए चारे और पानी की व्यवस्था करना संचालकों के सामने बड़ी चुनौती बन गया है। प्रतिदिन करीब 1 टन चारा और हजारों लीटर पानी की जरूरत पूरी करना उनके लिए मुश्किल होता जा रहा है।

तहसील में सूखे की स्थिति के चलते चारे और पानी की कमी से जूझ रहे कई किसान अपने मवेशियों को गोशालाओं में छोड़ रहे हैं। इससे गोशालाओं में पशुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है और उनके पालन-पोषण का खर्च भी बढ़ता जा रहा है। एक ओर बेजुबान पशुओं को बचाने की जिम्मेदारी है, तो दूसरी ओर चारे और पानी पर होने वाला खर्च गोशाला संचालकों के लिए आर्थिक संकट बन गया है।

गोशालाओं में मौजूद पशुओं के लिए प्रतिदिन बड़ी मात्रा में चारे की आवश्यकता होती है, लेकिन सूखे के कारण हरा चारा मिलना मुश्किल हो गया है। ऐसे में बाजार से चारा खरीदना, पानी की व्यवस्था करना और पशुओं की देखभाल का खर्च उठाना संचालकों के लिए भारी पड़ रहा है। इस स्थिति को देखते हुए सरकार से गोशालाओं को तत्काल आर्थिक सहायता देने की मांग की जा रही है।

राक्षसभुवन स्थित शनीप्रसाद गोशाला के संचालक एकनाथ महाराज पठाडे ने बताया कि सूखे के कारण किसान अपने मवेशियों को गोशालाओं में छोड़ रहे हैं। तहसील की 6 गोशालाओं में सैकड़ों पशु हैं। इन्हें खरीदकर लाए जा रहे चारे और पानी के सहारे जीवित रखना पड़ रहा है। गोशाला संचालकों ने सरकार से प्रत्येक पशु के लिए प्रतिदिन कम से कम 100 रुपये अनुदान देने की मांग की है।

इसी बीच गोशाला महासंघ ने भी पशुओं के पालन-पोषण के लिए सरकारी अनुदान देने और चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है। संचालकों ने प्रशासन से इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की अपेक्षा जताई है।

गेवराई तहसील की गोशालाओं में गायों की संख्या

  • शनीप्रसाद गोशाला, राक्षसभुवन – 200 गायें
  • जानकी गोशाला, खलेगांव – 300 गायें
  • श्री 1008 भगवान गोशाला, शेकटा – 120 गायें
  • गेवराई शहर गोशाला – 100 गायें
  • कुंभेजलगांव गोशाला – 80 गायें
  • चकलांबा गोशाला – 70 गायें

बेजुबानों को बचाने की जिम्मेदारी कौन उठाएगा?

सूखे की मार झेल रहे किसान अपने मवेशियों को लेकर गोशालाओं का रुख कर रहे हैं। लेकिन इन बेजुबान पशुओं के चारे और पानी की व्यवस्था की जिम्मेदारी कौन उठाएगा? पशुधन को बचाने के लिए सरकार को तत्काल गोशालाओं को अनुदान उपलब्ध कराकर आर्थिक मदद देनी चाहिए।

Created On :  

Tags

Next Story