कर ली आत्महत्या: संतान नहीं होने का हर रोज मिलता था ताना और कार लेने के लिए 10 लाख रुपए की मांग अलग

संतान नहीं होने का हर रोज मिलता था ताना और कार लेने के लिए 10 लाख रुपए की मांग अलग
  • कार खरीदने के लिए मायके से 10 लाख रुपये लाने का दबाव था
  • 22 वर्षीय वैष्णवी ने जहर पिया
  • पति गिरफ्तार, सास-ससुर और देवर की तलाश

Beed News. ससुराल में संतान नहीं होने का ताना देने और कार खरीदने के लिए मायके से 10 लाख रुपये लाने का दबाव बनाए जाने से परेशान 22 वर्षीय विवाहिता ने जहर पीकर आत्महत्या कर ली। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना घोड़का राजुरी में सामने आई। मृतका के मायके वालों की शिकायत पर पिंपलनेर पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सास, ससुर और देवर की तलाश जारी है।

वाकनाथपुर निवासी वचिष्ठ काशिनाथ खाकरे की बेटी वैष्णवी का करीब डेढ़ वर्ष पहले सचिन नवनाथ राहाडे से हिंदू रीति-रिवाज से विवाह हुआ था। मायके वालों के अनुसार, शादी के बाद करीब एक वर्ष तक वैवाहिक जीवन सामान्य रहा। इसके बाद ससुराल वालों ने संतान नहीं होने की बात कहकर वैष्णवी को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।

कार के लिए मायके से 10 लाख लाने का दबाव

शिकायत के अनुसार, ससुराल वाले शादी में दहेज नहीं मिलने की बात कहते हुए कार खरीदने के लिए मायके से 10 लाख रुपये लाने का दबाव बना रहे थे। रकम नहीं लाने पर घर में नहीं रखने की धमकी दी जाती थी। इस दौरान वैष्णवी के साथ मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना किए जाने का आरोप है।

वैष्णवी ने अपने माता-पिता को ससुराल वालों की प्रताड़ना की जानकारी दी थी। इसके बाद मायके वालों ने रिश्तेदारों के साथ ससुराल पक्ष के लोगों की बैठक कर वैष्णवी को ठीक से रखने की विनती की। मायके वालों ने अपनी आर्थिक स्थिति कमजोर होने की बात कहते हुए गाड़ी खरीदने के लिए 10 लाख रुपये देने में असमर्थता जताई। आरोप है कि इसके बावजूद प्रताड़ना बंद नहीं हुई।

शिकायत में पति सचिन नवनाथ राहाडे, ससुर नवनाथ राहाडे, सास मोहरबाई नवनाथ राहाडे और देवर अमोल नवनाथ राहाडे पर संतान नहीं होने और वाहन के लिए पैसे नहीं लाने की बात को लेकर लगातार प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है।

27 अगस्त को जहर पीया, अगले दिन मौत

प्रताड़ना से परेशान होकर वैष्णवी ने 27 अगस्त की सुबह जहर पी लिया। जानकारी मिलने पर परिजनों ने उसे तत्काल बीड के दीप अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे आगे के उपचार के लिए छत्रपति संभाजीनगर ले जाने की सलाह दी।

इसके बाद उसके चाचा और वाकनाथपुर के सरपंच भागवत खाकरे ने वैष्णवी को छत्रपति संभाजीनगर के गजानन अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, उपचार के दौरान 28 अगस्त को दोपहर करीब 3 बजे उसकी मौत हो गई।

पति गिरफ्तार, तीन आरोपी फरार

वैष्णवी की मौत के बाद मायके वालों ने पिंपलनेर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पति समेत चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 108, 80(2), 85, 352, 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने पति सचिन राहाडे को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं सास मोहरबाई, ससुर नवनाथ और देवर अमोल की तलाश जारी है। वैष्णवी का अंतिम संस्कार 30 अगस्त को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे घोड़का राजुरी में पुलिस बंदोबस्त के बीच गमगीन माहौल में किया गया। मामले की आगे की जांच पुलिस कर रही है।

Created On :   30 Aug 2026 5:37 PM IST

Tags

Next Story