Bhandara News: 227 विद्यार्थियों के फर्जी नाम दर्ज कर हड़पी 29.60 लाख की छात्रवृत्ति

227 विद्यार्थियों के फर्जी नाम दर्ज कर हड़पी 29.60 लाख की छात्रवृत्ति
  • यू-डायस प्रणाली हैक करने की आशंका
  • दो आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज

Bhandara News मोहाड़ी स्थित स्व. तुलसीराम तितिरमारे निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था में छात्रवृत्ति घोटाले का बड़ा मामला सामने आया है। यहां यूडायस प्रणाली को हैक कर 227 फर्जी विद्यार्थियों के नाम पर शासन की 29 लाख 60 हजार 100 रुपये की छात्रवृत्ति हड़प ली गई। मामला वर्ष 2021-22 तथा 2022-23 का है।

उच्च शिक्षा विभाग की जांच में प्रकरण उजागर होने के बाद सहसंचालक संतोष बापूजी चव्हाण (52) की शिकायत पर मोहाड़ी पुलिस ने गुरुवार, 2 जुलाई को यूडायस प्रणाली का उपयोग करने वाले आरोपी शंतुकराव हंबर्डे तथा झरीना खातून के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों आरोपी कहां के निवासी हैं और उन्होंने इस वारदात को किस प्रकार अंजाम दिया, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। जानकारी के अनुसार, उच्च शिक्षा विभाग द्वारा नागपुर संभाग के छह जिलों में अनुदान वितरण एवं सेवा संबंधी मामलों की जांच की जा रही थी।

इसी दौरान प्रशासन अधिकारी शंकर बर्गे और वरिष्ठ लिपिक जितेंद्र परतेकी ने स्व. तुलसीराम तितिरमारे निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था की जांच की। जांच में पता चला कि राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर यूडायस प्रणाली के माध्यम से 227 विद्यार्थियों के नाम से छात्रवृत्ति आवेदन किए गए थे, जबकि संस्था में इतने विद्यार्थी ही नहीं थे।जांच में सामने आया कि संस्था की यूडायस आईडी का दुरुपयोग किया गया। संस्था प्रमुख कुणाल भोंगाडे के स्थान पर शंतुकराव हंबर्डे तथा संस्था के नोडल अधिकारी भूषण तितिरमारे के स्थान पर झरीना खातून के नाम का उपयोग कर पूरी प्रक्रिया को अंजाम दिया गया।

यूडायस प्रणाली हैक होने की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि पूरी प्रक्रिया किस प्रकार संचालित की गई। उच्च शिक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट के आधार पर सहसंचालक संतोष बापूजी चव्हाण की शिकायत पर शंतुकराव हंबर्डे और झरीना खातून के खिलाफ धारा 420, 465, 468, 471 एवं 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच मोहाड़ी पुलिस थाने के निरीक्षक बेलखेड़े कर रहे हैं।

Created On :   4 July 2026 3:43 PM IST

Tags

Next Story