- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- भंडारा
- /
- भरी बरसात में मासूम छात्र काे...
Bhandara News: भरी बरसात में मासूम छात्र काे भाेंपू देकर जनजागरण के लिए घुमवाया गांव में

Bhandara News तहसील के मेहगांव में मतदाता जनजागरण के नाम पर एक मासूम छात्र को तेज बारिश के बीच पूरे गांव में घुमाने का मामला शुक्रवार, 3 जुलाई को उजागर हुआ। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही गांव में आक्रोश फैल गया और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
तुमसर तहसील के मेहगांव स्थित जिला परिषद स्कूल के मुख्याध्यापक तथा बीएलओ के माध्यम से कक्षा तीसरी में पढ़ने वाले एक छात्र के हाथ में भोंपू देकर मतदाता जागरूकता के लिए गांव में घुमाया गया। उस समय तेज बारिश हो रही थी। इसके बावजूद छात्र को अभियान में शामिल रखा गया। वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन के लापरवाह कार्यप्रणाली को लेकर लोगों में भारी रोष व्याप्त है।
लोगों का कहना है कि स्कूल का वातावरण बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा के लिए होता है, लेकिन प्रशासनिक अभियान के लिए छोटे बच्चों का इस तरह उपयोग करना गंभीर लापरवाही है। हालांकि मामला तहसील प्रशासन से जुड़ा है, लेकिन शिक्षा विभाग के अधिकारियों, केंद्र प्रमुख और संबंधित कर्मचारियों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों और अभिभावकों ने इस मामले में संबंधित दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही विद्यार्थियों का इस प्रकार उपयोग करना कितना उचित है? ऐसा गंभीर सवाल भी उठाया है। अब पूरे मामले में दोषियांे पर कार्रवाई को लेकर लोगों की नजर प्रशासन पर टिकी है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई : मेहगांव में छात्र को भोंपू देकर घुमाने के मामले की पूरी जानकारी लेकर जांच की जाएगी। किसी भी बीएलओ को इस प्रकार जनजागरण करने के निर्देश नहीं दिए गए थे। संबंधित छात्र को घुमाने के आदेश किसने दिए, इसकी जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। - उपेश अंबादे, तहसीलदार, तुमसर
Created On :   4 July 2026 3:31 PM IST















